
उज्जैन। पिछले दो साल से कोरोना के चलते पुलिस विभाग ने होली पर्व नहीं मनाया और लगातार लॉकडाऊन और बंदिशों की ड्यूटी निभाई लेकिन इस बार कोरोना का खतरा नहीं होने के चलते आज पुलिस की होली पुलिस लाईन पर मन रही है। सुबह 11 बजे से यहाँ पुलिसकर्मी ढोल और अन्य साधनों के साथ पहुँचे और उत्साह के साथ एक-दूसरे को रंग लगाया। आज पुलिस की होली सुबह 11 बजे से मनना शुरू हुई। पुलिस लाईन पर कलेक्टर, आईजी, डीआईजी, एसपी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और पुलिसकर्मी पहुंच गए थे और ढोल की थाप पर नाचते-कूदते पुलिसकर्मियों ने जमकर होली का आनंद उठाया।
सुबह से थानों पर आज पुलिसकर्मियों की संख्या काफी कम नजर आई क्योंकि पुलिसकर्मी लाईन पर आयोजित होली उत्सव में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों के लिए भोजन का भी इंतजाम किया गया है। होली में सभी थाना पुलिस के अलावा पुलिस लाईन का स्टॉफ भी शामिल रहा। आज शाम तक पुलिस द्वारा होली खेली जाएगी। कोरोना के दो साल की ड्यूटी निभाने वाले पुलिसकर्मियों में आज होली खेलने को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved