
जबलपुर। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के जबलपुर (Jabalpur) में छात्र के जय श्री राम (Jai Shri Ram) बोलने पर छात्र को पीटने के आरोप (Allegations Beating Student) एक स्कूल पर लगे हैं। घटना को लेकर हिंदू संगठनों के साथ पीड़ित छात्र के परिजनों ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। छात्र का आरोप है कि पहले भी उसको कलावा पहनने पर टीचर ने पीटा था। पुलिस ने जांच कर उचित कार्यवाही करने की बात कही है। वहीं हिंदू संगठनों ने मिस्पा मिशन स्कूल पर मिशनरी संस्कृति को बढ़ावा देने के आरोप लगाए हैं।
घटना जबलपुर जिले के पाटन तहसील के एक मिशन स्कूल की बताई जा रही है। छात्र प्रबल सिंह राठौर का आरोप है कि उसने स्कूल के गार्ड को जय श्री राम बोलते हुए गेट के अंदर जैसे ही कदम रखा एक शिक्षक ने उससे पूछा कि यह क्या तरीका है। इसके साथ ही टीचर ने छात्र की पिटाई कर दी और उसे आइंदा गुड मॉर्निंग कहने को बोला। यह जानकारी लगते ही हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ बच्चे के परिजनों ने स्कूल घेर लिया।
हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं और बच्चे के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब आधे घंटे तक थाने में हंगामा होता रहा। मामले को लेकर स्कूल के प्राचार्या का कहना है कि छात्र को समझाइश देने के रूप में पीटा गया है। इसका उद्देश्य गलत नहीं था। विवाद बढ़ता देख पाटन थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और संचालक राजेश खंडारे के खिलाफ शिकायत मिलने पर जांच की बात कही।
इसके बाद हिंदू संगठन के कार्यकर्ता और बच्चे के परिजन पाटन थाने पहुंचे और संचालक के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। पाटन थाना प्रभारी गोपेंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि 8वीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र प्रबल सिंह के साथ हिंदू संगठन के कुछ कार्यकर्ता आए थे। पूछताछ मे बच्चे ने बताया कि स्कूल के संचालक राजेश खंडारे ने जय श्रीराम कहने पर उसके साथ पिटाई कर दी। मिली शिकायत पर जांच शुरू कर दी गई है।
मामले में स्कूल के प्राचार्य ने कहा कि छात्र को मारने का उद्देश्य नहीं था। स्कूल में रोजाना छात्रों के परिजन आते हैं सभी बच्चे जय श्रीराम भी बोलते हैं। छात्र प्रबल सिंह ने जिस तरह से सुरक्षा गार्ड से जय श्रीराम कहा था उस पर अपत्ति थी। प्रबल का बोलने का तरीका ठीक नहीं था। इस वजह से स्कूल संचालक ने उसे डांटा। स्कूल के सभी स्टॉफ हिंदू हैं। जिस तरह से जय श्रीराम नाम के साथ मुद्दा बनाया जा रहा है यह ठीक नहीं है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved