नई दिल्ली। पाकिस्तान की मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट पार्टी (Muttahida Qaumi Movement Party) के नेता अल्ताफ हुसैन (Altaf Hussain) ने पीएम नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की तारीफ की है। मुहाजिरों के नेता अल्ताफ हुसैन 1992 से ही निर्वासित जीवन जी रहे हैं और फिलहाल लंदन में हैं। उन्होंने भारत सरकार से अपील की है कि मुहाजिरों की मदद करें, जिनका पाकिस्तान में उत्पीड़न हो रहा है। अल्ताफ हुसैन ने 1986 में मुहाजिरों के अधिकारों के लिए एक दल बनाया था- जिसका नाम था मुहाजिर कौमी मूवमेंट यानी MQM। इस दल का नाम अभी अंग्रेजी शॉर्ट फॉर्म में MQM ही हैं, लेकिन पहले वाले एम का अर्थ अब मुहाजिर की जगह मुत्ताहिदा हो गया है। इसकी वजह भी यह थी कि मुहाजिरों के नाम पर जब अलगाववाद के आरोप लगे तो उन्होंने मुत्ताहिदा जोड़ लिया।
कौन हैं अल्ताफ हुसैन और कैसे हुआ उभार
अल्ताफ हुसैन का जन्म 17 सितंबर, 1953 को नाजिर हुसैन और खुर्शीद बेगम के घर पर कराची में हुआ था। उनके पिता नाजिर हुसैन यूपी के आगरा के नाई की मंडी इलाके में रहते थे। विभाजन के बाद वह पाकिस्तान गए। वह भारतीय रेलवे में अधिकारी थे और उनकी आगरा में पोस्टिंग थी। उनके पिता और मां पाकिस्तान जाने को तैयार नहीं थे, लेकिन जब फैमिली के अन्य लोग भी चले गए तो अंत में उन्होंने भी आगरा छोड़ दिया। शुरुआती सालों में पाकिस्तान में बसे मुहाजिरों को कोई परेशानी नहीं आई। वे शहरी और पढ़े-लिखे थे। कराची, लाहौर जैसे शहरों में वे बड़े पैमाने पर जाकर बसे। उन्हें खूब सम्मान मिला और नौकरियों के अवसर भी रहे।
कैसे बिगड़ती गई पाकिस्तान में मुहाजिरों की स्थिति
फिर 1960 के दशक से चीजें बिगड़ती चली गईं। मोहम्मद अयूब खान ने सत्ता संभाली, जो एक पठान थे। वह मुहाजिरों के प्रति विद्वेष का भाव रखते थे और कहा जाता है कि कराची में राजधानी होने से मुहाजिरों का प्रभाव अधिक था। इसी के चलते उन्होंने नई राजधानी ही इस्लामाबाद में बनाई। इससे मुहाजिरों का वर्चस्व टूटा। इसके अलावा उर्दू बोलने को लेकर भी मुहाजिर निशाने पर रहते थे। कराची में रहते हुए सिंधी उन्हें भेदभाव के नजरिए से देखते थे। इसके अलावा एक समय में पख्तून बेहद मजबूत थे और कराची में उनसे भी भेदभाव झेलना पड़ता था। मुहाजिरों के साथ पाकिस्तान में भेदभाव की स्थिति अब भी जारी है। यही वजह है कि अल्ताफ हुसैन कहते हैं कि मुहाजिरों को बलूच, पंजाबी, सिंध, पश्तून के बाद पांचवीं पहचान के तौर पर मान्यता दी जाए।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved