
वॉशिंगटन। अमेरिकी शिक्षक मार्क फोगेल रूस की जेल में तीन साल बिताने के बाद अमेरिका लौट आए। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनका स्वागत किया। वॉशिंगटन और मॉस्को के बीच हुए समझौते के तहत मार्क फोगेल की रिहाई हुई। मार्क फोगेल को गांजा रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
अमेरिकी झंडा अपने सीने से लपेटे हुए मार्क फोगेल एक विशेष विमान से वॉशिंगटन पहुंचे। इसके बाद उन्हें व्हाइट हाउस ले जाया गया, जहां खुद राष्ट्रपति ट्रंप ने उनका स्वागत किया। इस दौरान ट्रंप ने कहा कि ‘मार्क फोगेल की रिहाई में छोटी सी भूमिका निभाकर वे सम्मानित महसूस कर रहे हैं।’ फोगेल को अगस्त 2021 में मारिजुआना (गांजा) रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। रूसी अदालत ने साल 2022 में फोगेल को 14 साल जेल की सजा सुनाई थी।
अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइक वाल्ट्ज ने बताया कि ट्रंप प्रशासन, रूस के साथ यूक्रेन युद्ध को खत्म कराने को लेकर बातचीत कर रहा है। इसी बातचीत का परिणाम है कि फोगेल की रिहाई संभव हुई। ट्रंप प्रशासन में मध्य पूर्व मामलों के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ मार्क फोगेल को लेकर विशेष विमान से भारतीय समय अनुसार, बुधवार को अमेरिका पहुंचे। अमेरिका पहुंचने पर फोगेल ने कहा कि वह अपने देश से बेहद प्यार करते हैं और वापस आकर उन्हें बेहद अच्छा महसूस हो रहा है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved