पेंसिलवेनिया। अमेरिका के पेंसिलवेनिया राज्य (State of Pennsylvania) से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां 11 वर्षीय एक बच्चे पर अपने दत्तक पिता की गोली मारकर हत्या (Father shot dead) करने का आरोप लगा है। घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है और नाबालिगों में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति पर बहस छेड़ दी है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला लगभग एक महीने पहले का है। आरोपी बालक क्लेटन डिट्ज अपने दत्तक पिता डगलस डिट्ज से नाराज था, क्योंकि उन्होंने अनुशासन के तौर पर उसका गेमिंग कंसोल अपने पास रख लिया था।
बताया जा रहा है कि इसी बात से गुस्साए बच्चे ने घर में रखी बंदूक का इस्तेमाल कर पिता पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना डनकैनन इलाके में हुई, जो हैरिसबर्ग के पास स्थित है। जांच में सामने आया कि बच्चा पहले तिजोरी की चाबियां ढूंढ़ रहा था ताकि अपना कंसोल वापस ले सके। तिजोरी खुलने पर उसे वहां पिस्टल मिली, जिसे उसने कथित तौर पर इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम दिया।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और बच्चे के खिलाफ आपराधिक हत्या का मामला दर्ज किया।
स्थानीय अदालत में बच्चे को हथकड़ियों में पेश किया गया। अधिकारियों ने बताया कि उस पर वयस्क की तरह मुकदमा चलाया जा रहा है, जो अमेरिकी न्याय प्रणाली में गंभीर अपराधों के मामलों में संभव होता है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बच्चे की मां ने बताया कि क्लेटन उनका जैविक पुत्र नहीं था। दंपत्ति ने उसे वर्ष 2018 में गोद लिया था और तब से वह उनके साथ ही रह रहा था।
घटना के बाद जब मां ने उससे पूछा कि क्या हुआ, तो उसने कथित तौर पर कहा कि उसने अपने पिता को मार दिया और उसे अपने किए पर पछतावा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved