
इंदौर। बुरहानपुर से इलाज के लिए इंदौर लो गए तेंदुए को स्वस्थ होते ही बड़वाह के पास के जंगल में छोड़ दिया गया। वनकर्मियों ने जैसे ही पिंजरे का फाटक खोला, तेंदुए ने लम्बी छलांग मारते हुए करकूट के जंगलों में दौड़ लगा दी। नावरा, बुरहानपुर के वन परिक्षेत्र अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि लगभग 6 वर्षीय नर तेंदुए को 10 जुलाई को इलाज के लिए कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय लाए थे, मगर प्राणी संग्रहालय में जगह नहीं होने के कारण रालामंडल अभयारण्य में रखकर इसका 1 सप्ताह तक इलाज किया गया। जादौन के अनुसार न सिर्फ वह बीमार था, सम्भवत: जंगल में आपसी लड़ाई के दौरान संघर्ष में पिछले पैरों की तरफ घायल था। इसे बुरहानपुर वन विभाग की टीम रेस्क्यू कर इलाज के लिए इंदौर लेकर 10 दिन पहले आई थी। यहां पर इलाज के बाद इसे कल वापस जंगल में छोड़ दिया गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved