
नई दिल्ली । अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) में पिछले 9 महीने से फंसी सुनीता विलियम्स (Sunita Williams) और बुच बिल्मोर (butch wilmore) को वापस लाने के लिए स्पेसएक्स (SpaceX) का स्पेसक्राफ्ट (Spacecraft) पहुंच गया है। जानकारी के मुताबिक वे मंगलवार को धरती पर वापस लौट सकती हैं। जब चार अंतरिक्षयात्रियों को लेकर स्पेसक्राफ्ट ISS पहुंचा तो वहां खुशी की लहर दौड़ गई। सुनिता विलियम्स और विलमोर ने उनको गले लगा लिया। वहीं ISS एक ‘एलियन’ ने भी स्पेसएक्स के क्रू का स्वागत किया।
ISS ने इसका एक वीडियो फुटेज जारी किया है। इसमें देखा जा सकता है कि हेग ने अपने चेहरे पर एलियन का मास्क लगा रखा है। वह सुनीता विलियम्स और विलमोर की ओर बढ़ते हैं। इसके बाद दोनों उनका मुस्कुराकर स्वागत करते हैं। बता दें कि स्पेसएक्स और नासा के इस मिशन कौ नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से शुक्रवार को लॉन्च किया गया था। सुनीता विलियम्स ने ही नए मेहमानों के लिए हैच खोला। एलियन का मास्क लगाने वाले हेग के अलावा रोसकोसमोस अलेक्सांद्र पिछले सितंबर से आईएसएस में हैं।
आईएसएस में क्रू-10 के पहुंचने के बाद यहां कुल संख्या 11 हो जाएगी। नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर तथा रूसी अंतरिक्ष यात्री अलेक्सांद्र गोरबुनोव बुधवार को स्पेसएक्स के ड्रैगन अंतरिक्ष यान से पृथ्वी पर लौटेंगे। विल्मोर और विलियम्स बोइंग के नए स्टारलाइनर कैप्सूल से पिछले साल पांच जून को केप कैनवेरल से रवाना हुए थे। वे दोनों आठ दिन के मिशन के लिए ही गए थे, लेकिन अंतरिक्ष यान से हीलियम के रिसाव और वेग में कमी के कारण ये लगभग नौ माह से अंतरिक्ष स्टेशन में फंसे हुए हैं।
Well, an alien just boarded the I.S.S. (International Space Station). Nothing to see here. 😂
And, yes, this is real. It just aired on @NASA TV. pic.twitter.com/BH6mp7I6QH
— Justin Sluss (@justinsluss) March 16, 2025
धरती पर लौटने के बाद भी चुनौतियां
अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के अंदर अंतरिक्ष यात्रियों को हवा में तैरते देखना भले ही मजेदार लगता हो, लेकिन वहां गुरुत्वाकर्षण नहीं होने का असर धरती पर लौटने के बाद अंतरिक्ष यात्रियों पर लंबे समय तक रहता है और उन्हें मतली, चक्कर आने, बात करने और चलने में दिक्कत जैसी चुनौतियों से जूझना पड़ता है। विभिन्न अंतरिक्ष मिशन के तहत यात्रा कर चुके कई अंतरिक्ष यात्रियों ने पृथ्वी पर लौटने के बाद चलने में कठिनाई, देखने में दिक्कत, चक्कर आने तथा ‘बेबी फीट’ नामक स्थिति जैसी चुनौतियों का सामना करने की बात कही है। ‘बेबी फीट’ का तात्पर्य है कि अंतरिक्ष यात्रियों के तलवों की त्वचा का मोटा हिस्सा निकल जाता है और उनके तलवे बच्चे की तरह मुलायम हो जाते हैं।
ह्यूस्टन स्थित ‘बेलर कॉलेज ऑफ मेडिसिन’ ने अंतरिक्ष में शरीर में होने वाले बदलावों के बारे में कहा, ‘जब अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी पर वापस लौटते हैं तो उन्हें पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण के अनुसार तुरंत फिर से ढलना पड़ता है। उन्हें खड़े होने, अपनी दृष्टि को स्थिर करने, चलने और मुड़ने में समस्या हो सकती है। पृथ्वी पर लौटने वाले अंतरिक्ष यात्रियों को उनकी बेहतरी के लिए पृथ्वी पर लौटने के तुरंत बाद अक्सर एक कुर्सी पर बिठाया जाता है।’’
अंतरिक्ष यात्रियों को पृथ्वी पर जीवन के अनुसार स्वयं को फिर से ढालने में कई सप्ताह लगते हैं। कान के अंदर स्थित ‘वेस्टिबुलर’ अंग मस्तिष्क को गुरुत्वाकर्षण के बारे में जानकारी भेजकर पृथ्वी पर चलते समय मनुष्यों को अपने शरीर को संतुलित रखने में मदद करता है।
जापानी अंतरिक्ष एजेंसी जेएएक्सए ने कहा, ‘अंतरिक्ष में कम गुरुत्वाकर्षण के कारण ‘वेस्टिबुलर’ अंगों से प्राप्त होने वाली जानकारी में बदलाव आता है। ऐसा माना जाता है कि इससे मस्तिष्क भ्रमित हो जाता है और ‘स्पेस सिकनेस (अंतरिक्ष में यात्रा करने वाले कई लोगों को होने वाली स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत) हो जाती है। जब आप पृथ्वी पर वापस आते हैं, तो आप पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण के प्रभावों का फिर से अनुभव करते हैं और इस प्रकार कभी-कभी ‘ग्रैविटी सिकनेस’ हो जाती है, जिसके लक्षण ‘स्पेस सिकनेस’ जैसे ही होते हैं।’’
All the hugs. 🫶
The hatch of the SpaceX Dragon spacecraft opened March 16 at 1:35 a.m. ET and the members of Crew-10 entered the @Space_Station with the rest of their excited Expedition 72 crew. pic.twitter.com/mnUddqPqfr
— NASA's Johnson Space Center (@NASA_Johnson) March 16, 2025
पृथ्वी पर गुरुत्वाकर्षण रक्त और अन्य शारीरिक तरल पदार्थों को शरीर के निचले हिस्से की ओर खींचता है, लेकिन अंतरिक्ष में भारहीनता के कारण अंतरिक्ष यात्रियों के शरीर में ये तरल पदार्थ शरीर के ऊपरी हिस्सों में जमा हो जाते हैं और इसी कारण वे फूले हुए नजर आते हैं। जेएएक्सए ने कहा, ‘‘पृथ्वी पर लौटने वाले अंतरिक्ष यात्रियों को खड़े होने पर अक्सर चक्कर आते हैं। इस स्थिति को ‘ऑर्थोस्टेटिक हाइपोटेंशन’ कहा जाता है। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि पृथ्वी पर गुरुत्वाकर्षण अंतरिक्ष की तुलना में अधिक मजबूत होता है और हृदय से सिर तक रक्त पहुंचना अधिक कठिन होता है।’’
गुरुत्वाकर्षण की कमी के कारण हड्डियों के घनत्व में काफी और अक्सर अपूरणीय कमी आती है। नासा के अनुसार, अगर अंतरिक्ष यात्री इस कमी को दूर करने के लिए सावधानी नहीं बरतते हैं, तो वजन सहन करने वाली हड्डियों का घनत्व अंतरिक्ष में हर महीने करीब एक प्रतिशत कम हो जाता है। इस समस्या से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर अंतरिक्ष यात्रियों के लिए एक सख्त व्यायाम व्यवस्था है। रोग प्रतिरोधी क्षमता कमजोर हो जाने के कारण पृथ्वी पर लौटने पर अंतरिक्ष यात्रियों को संक्रमण और बीमारी का खतरा भी अधिक रहता है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved