
कराची। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने यह स्पष्ट किया है कि बाबर आज़म को एक लंबे समय तक तीनों प्रारूपों के लिए टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। बता दें कि, पीसीबी ने पिछले महीने ही बाबर को तीनों प्रारूपों में पाकिस्तानी टीम का कप्तान घोषित किया था।
पीसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वसीम खान ने एक साक्षात्कार में कहा “मैं आपको इस बात का आश्वासन दे सकता हूं कि जब तक एहसान मणि और खुद मैं पाकिस्तान बोर्ड में हैं तब तक बाबर कप्तान बने रहेंगे। हमने उन्हें कप्तान नियुक्त किया है क्योंकि वह हमारे सबसे अच्छे बल्लेबाज हैं, वे युवा और मानसिक रूप से बहुत मजबूत हैं और खुद जिम्मेदारी लेना चाहते हैं।”
उन्होने कहा, “हमें लगा कि वह हमारा सबसे अच्छा विकल्प हैं क्योंकि उसका भविष्य अच्छा है, वह हमारे सबसे अच्छा बल्लेबाज है और हर दिन बेहतर हो रहा है और हमने उसे मानसिक रूप से बहुत मजबूत पाया है। इसीलिए जब समय आया तो हमें लगा कि अजहर अली ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है, लेकिन अब बाबर को तैयार करने और उसे टेस्ट कप्तान बनाने का समय आ गया है।”
खान ने आगे कहा, “बाबर ने खुद को टेस्ट कप्तान बनने में गहरी दिलचस्पी दिखाई है और हमें आश्वासन दिया कि वह दबाव को संभाल सकते हैं और यह उनकी बल्लेबाजी को भी प्रभावित नहीं करेगा।” (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved