
इन्दौर। नए प्रदेश अध्यक्ष के दौरे के पहले इंदौर भाजपा दो गुटों में बंट आ रही है। पूर्व नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे के समर्थकों ने जो होर्डिंग्स शहर में लगवाए हैं, उसमें तकरीबन शहर के सभी बड़े नेताओं के फोटो गायब है। यहां तक कि पार्टी के प्रोटोकाल के हिसाब से नए अध्यक्ष तक का फोटो नहीं दिया है। वहीं कल तैयारियों को लेकर रखी बैठक में भी ये नेता
गायब रहे।
7 जुलाई को प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल इंदौर आ रहे हैं। हालांकि खंडेलवाल का इंदौर में सीधा कोई राजनीतिक कनेक्शन नहीं है, लेकिन उनका करीबी बताने की होड़ नगर भाजपा में शुरू हो गई है। इस कारण भाजपा भी दो गुटों मे बंट गई है। एक धड़ा पूर्व नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे का है तो दूसरा धड़ा वर्तमान अध्यक्ष सुमित मिश्रा का है। अपनी राजनीतिक थाह पाने के लिए रणदिवे ने पूरे शहर में होर्डिंग्स लगाए गए हैं। इसमें उनके साथ राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त उनके मित्र सावन सोनकर, प्रताप करोसिया के फोटो के साथ-साथ मुख्यमंत्री मोहन यादव और नए अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के फोटो हैं तो कुछ होर्डिंग्स पर देपालपुर विधायक मनोज पटेल के फोटो भी हैं। दो-चार होर्डिंग्स में चार नंबर विधानसभा की विधायक मालिनी गौड़ के पुत्र एकलव्यसिंह गौड़ के फोटो भी नजर आ रहे हैं।
ताज्जुब इस बात का है कि पार्टी के प्रोटोकाल के हिसाब से शहर अध्यक्ष मिश्रा तक के फोटो होर्डिंग्स से गायब हैं तो शहर के मंत्री, सांसद और महापौर तक का फोटो भी नहीं है। वहीं सुमित समर्थकों द्वारा लगाए गए फोटो में सभी को बराबरी का स्थान दिया गया है। इसके पहले भी गौरव के कार्यकाल में होर्डिंग्स युद्ध देखने को मिल चुका हैं। नए अध्यक्ष के सामने अब गुटबाजी को लेकर शक्ति प्रदर्शन भी किया जा सकता है। हालांकि ये भाजपा की परंपरा नहीं रही है, लेकिन जिस तरह से होर्डिंग्सवार शहर में देखने को मिल रहा है, उसने बता दिया है कि शहर में एक नया गुट तेजी से उभर रहा है, जिसको लेकर नए अध्यक्ष के सामने शक्ति प्रदर्शन किया जा सकता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved