
इंदौर। दीपावली के पर्व को ध्यान में रखते हुए गोबर से बनाए गए सामान भाजपा के सांसद को इतने पसंद आए कि उन्होंने 11000 रुपए के सामान खरीद लिए। नीदरलैंड का एक परिवार भी इंदौर से गोबर के समान लेकर अपने देश गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्तमान हालात में देश की जनता से दीपावली के त्योहार को स्वदेशी सामान से मनाने की अपील की गई है। इस अपील के साथ ही पूरे देश में आत्मनिर्भर भारत का अभियान भी शुरू हुआ है। वर्ष के सबसे बड़े त्योहार दीपावली पर यदि गोबर से बना हुआ सामान मिल जाता है तो उससे ज्यादा शुद्ध और धार्मिक लिहाज से महत्वपूर्ण कुछ भी नहीं है। यही कारण है कि इस बार बड़ी संख्या में बाजार में गोबर से बनाए गए दीपक विक्रय के लिए आए हैं।
इसके साथ ही संस्था प्रवेश के द्वारा कल तक सडक़ पर और मंदिरों के बाहर भीख मांगने वाले लोगों को प्रशिक्षित कर उनके माध्यम से भी बहुत से गोबर के सामान बनवाए गए हैं। ऐसे सामान का विक्रय करने के लिए फिनिक्स सीटाडेल मॉल में एक स्टाल भी लगाया गया है। इस स्टाल पर कल इस सामान को देखने के लिए 250 किलोमीटर दूर से राज्यसभा सदस्य सांसद प्रो सुमेरसिंह सोलंकी परिवार के साथ इंदौर पहुंचे। उन्होंने इस स्टाल पर पहुंचकर वहां गोबर से बने हुए सामान देखे और खरीदारी की। सांसद ने गोबर से बनी हुई पूजा की थाली, कार का झूमर, वंदनवार, सजावटी ढोलक, दीपक, शुभ लाभ, सजावटी मटकी, ओम, श्री, स्वास्तिक, मालाएं और मोबाइल स्टैंड खरीदा। सांसद द्वारा 11000 रुपए के गोबर के सामान खरीदे गए। उन्होंने गोबर के मनको की योग की चटाई बनाने का ऑर्डर भी बुक कराया। संस्था प्रवेश की प्रमुख रूपाली जैन ने बताया कि इसके साथ ही इस स्टॉल पर नीदरलैंड का एक परिवार भी पहुंचा। यह परिवार इंदौर में गोबर से बनाए गए इन सामान को देखकर आश्चर्यचकित हो गया। इस परिवार द्वारा नीदरलैंड ले जाने के लिए गोबर से बनाए गए पेन होल्डर और मोबाइल स्टैंड को खरीदा गया।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved