
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी अगले विधानसभा और लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश में अपना 51 फीसदी वोट बैंक के लिए जुट गई है। इसके लिए संगठन स्तर पर कई कार्यक्रम तय हो चुके हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा प्रदेश भर में ताबड़तोड़ बैठकें कर रहे हैं। बूथ विस्तार के लिए भाजपा 20 जनवरी से अगले 10 दिन के लिए अभियान शुरू करने जा रही है। जिसके तहत पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता बूथ पर पहुंचेंगे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि हर चुनाव में ऐतिहासिक जीत मिली है।
हमारा एकमात्र लक्ष्य प्रत्येक बूथ पर 51 प्रतिशत वोट प्राप्ति है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए कुशाभाऊ ठाकरे जन्मशताब्दी वर्ष के अंतर्गत पार्टी के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता 10 दिनों तक विस्तारक की भूमिका में 10 घंटे बूथ पर काम कर समाज के हर वर्ग को हमारी बूथ समिति और हमारी विचारधारा से जोडऩे का काम करेंगे। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने मंदसौर में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।
हम राष्ट्रवाद की ज्वाला प्रज्जवलित करने वाले दल के कार्यकर्ता
शर्मा ने कहा कि देश में अनेक राजनीतिक संगठन काम कर रहे है, लेकिन हमारी पहचान उनसे अलग है। क्योंकि कई राजनीतिक दलों का उद्देश्य सिर्फ सत्ता है, वे सत्ता के लिए देश में अराजकता फैलाने का काम करते हैं। वहीं हम राष्ट्रवाद की ज्वाला प्रज्जवलित करने वाले दल के कार्यकर्ता हैं। हमारा उद्देश्य देश में अराजकता फैलाने वाली राष्ट्रविरोधी ताकतों को जवाब देना है। उन्होंने कहा कि आज पूरा मंदसौर जिला भाजपामय है। पंच से लेकर प्रधानमंत्री का दायित्व निभाने वाला व्यक्ति भाजपा कार्यकर्ता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved