
चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ के पास माणा गांव में शुक्रवार को हिमस्खलन की घटना हुई। सीमा सड़क संगठन (BRO) के शिविर पर हुए हिमस्खलन में लापता चार मजदूरों को ढूंढने के लिए खोजी कुत्तों, थर्मल इमेजिंग कैमरों और हेलीकॉप्टरों की मदद ली गई। रविवार को जारी बचाव अभियान के दौरान तीन मजदूरों के शव बरामद हुए हैं।
गोपेश्वर में स्थानीय प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, माणा हिमस्खलन स्थल से तीन शव बरामद हुए हैं, जबकि एक अन्य लापता मजदूर की तलाश जारी है। तीन शव बरामद होने के साथ ही हादसे में मरने वाले मजूदरों की संख्या 7 हो गई है।
शुक्रवार को हुए हादसे के बाद घटनास्थल से बाहर निकाले गए 50 मजदूरों में से 4 की मौत की पुष्टि शनिवार को हुई थी। रविवार को बरामद मृतकों के शवों को हेलीकॉप्टर से ज्योतिर्मठ लाया गया। सभी शवों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योतिर्मठ में पोस्टमार्टम किया जा रहा है।
हिमस्खल में जिन मजदूरों के शव बरामद हुए हैं, उनकी पहचान उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर के रहने वाले अनिल कुमार (21), उत्तर प्रदेश के फतेहपुर के अशोक (28) और हिमाचल प्रदेश के ऊना के हरमेश चंद (30) के रूप में हुई है। एक अन्य लापता की तलाश जारी है, जिसका नाम अरविंद (43) बताया जा रहा है। अरविंद देहरादून क्लेमेनटाउन क्षेत्र का रहने वाला है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved