img-fluid

दिल्ली में कल से 18वां BRICS शिखर सम्मेलन, 15 हजार पुलिसकर्मी तैनात, PM मोदी ने खास संदेश से किया स्वागत

September 11, 2026

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली 18वें BRICS शिखर सम्मेलन (BRICS Summit ) की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम (Bharat Mandapam) में होने वाले सम्मेलन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और ट्रैफिक में बड़े बदलाव किए गए हैं। शुक्रवार सुबह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दिल्ली पहुंच गए। वह तीन दिन के भारत दौरे पर हैं। वहीं, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग सात साल बाद पहली बार भारत आ रहे हैं। सम्मेलन की तैयारियों के बीच आज दिल्ली के स्कूलों में छुट्टी रखी गई है।

15 हजार पुलिसकर्मी और 200 पैरामिलिट्री कंपनियां तैनात
BRICS समिट को लेकर राजधानी में हाई सिक्योरिटी व्यवस्था लागू है। सुरक्षा के लिए करीब 15 हजार दिल्ली पुलिसकर्मियों के अलावा पैरामिलिट्री की 200 कंपनियां तैनात की गई हैं। निगरानी के लिए 500 से ज्यादा CCTV कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, दिल्ली पूरी तरह बंद नहीं रहेगी। हालांकि, वीवीआईपी काफिलों की आवाजाही के दौरान कुछ समय के लिए रास्ते रोके जा सकते हैं। रोजाना करीब 70 से 80 हाई-सिक्योरिटी मूवमेंट होने की संभावना है। ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए करीब 4,800 ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

35 से ज्यादा सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित
मथुरा रोड, शांति पथ, जनपथ, अशोक रोड, बाराखंभा रोड और तीन मूर्ति मार्ग समेत 35 से ज्यादा प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित होने की संभावना है। नोएडा से सेंट्रल दिल्ली और द्वारका से एयरपोर्ट की तरफ आने-जाने वाले लोगों को खास तौर पर परेशानी हो सकती है।


  • दिल्ली पुलिस ने लोगों से यात्रा के लिए पर्याप्त समय लेकर निकलने की अपील की है। UPSC और NDA परीक्षार्थियों के साथ अस्पताल जाने वाले लोगों को भी समय से पहले घर से निकलने की सलाह दी गई है। मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में ट्रैफिक पुलिस को तत्काल जानकारी देने को कहा गया है।

    मेट्रो सामान्य, बस-ऑटो और टैक्सी भी चलेंगे
    सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। बस, ऑटो और टैक्सी भी चलेंगे, हालांकि जरूरत के मुताबिक कुछ रूट में बदलाव किया जा सकता है। कनॉट प्लेस का बाजार खुला रहेगा। दूसरी ओर, मेट्रो म्यूजियम और राष्ट्रपति भवन 13 सितंबर तक बंद रहेंगे।

    पुतिन-मोदी की आज मुलाकात
    रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात शुक्रवार दोपहर होने वाली है। दोनों नेताओं के बीच रक्षा, ऊर्जा और परमाणु सहयोग समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री मोदी ईरान के राष्ट्रपति पेजेशकियान से भी मुलाकात करेंगे। वहीं, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार शाम प्रधानमंत्री मोदी से मिलेंगे। दोनों नेताओं के बीच सीमा विवाद और व्यापार से जुड़े मुद्दों पर बातचीत होने की उम्मीद है।

    BRICS समिट में दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इंडोनेशिया, मलेशिया और इथियोपिया समेत कई देशों के नेता शामिल होंगे। संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुटेरेस भी सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। समिट का समापन ‘न्यू दिल्ली डिक्लेरेशन’ के साथ होगा।

    पुरी में सैंड आर्ट से विदेशी नेताओं का स्वागत
    BRICS नेताओं के भारत पहुंचने से पहले ओडिशा के पुरी में कलाकार मानस कुमार साहू ने विशेष सैंड आर्ट तैयार कर उनका स्वागत किया। इस कलाकृति के जरिए भारत की ओर से BRICS देशों के नेताओं के लिए अभिनंदन संदेश दिया गया।

    फिलीपींस की विदेश सचिव भी दिल्ली पहुंचीं
    फिलीपींस की विदेश मामलों की सचिव मा. थेरेसा पी. लाजारो BRICS Summit 2026 में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच गई हैं। सम्मेलन में दुनिया के कई देशों के नेता और प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।

    PM मोदी का संदेश- वैश्विक मुद्दों पर होगी सार्थक चर्चा
    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BRICS सम्मेलन से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से नेता BRICS Summit के लिए जुटेंगे। प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि सम्मेलन में विश्व कल्याण की भावना के साथ वैश्विक मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा होगी।

    प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में संस्कृत श्लोक के जरिए अच्छे लोगों की संगति, संवाद और मित्रता का महत्व भी बताया। श्लोक का भावार्थ है कि अच्छे लोगों के साथ चलना और उनकी संगति करना चाहिए। सज्जनों के साथ संवाद और मित्रता रखनी चाहिए, जबकि बुरे लोगों के साथ संबंध नहीं रखना चाहिए।

    Share:

  • आज देशभर में बैंक कर्मचारियों की हड़ताल.... 3 दिन नहीं खुलेंगे बैंक

    Fri Sep 11 , 2026
    नई दिल्ली। अगर आपको बैंक (Bank) का कोई जरूरी काम है और वह सिर्फ बैंक ब्रांच जाकर ही हो सकता है, तो उसे टालना भारी पड़ सकता है. आने वाले कुछ दिनों में कई जगह बैंक ब्रांच (Bank branch) बंद रहने वाली हैं. ऐसे में कैश निकालने, जमा करने या दूसरे ब्रांच से जुड़े काम […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved