
अमरावती: महाराष्ट्र के अमरावती में अपराधी इस कदर बेखौफ हो गए हैं कि अब उन्हें पुलिस और कानून का जरा भी डर नहीं रहा. शहर के पॉश इलाके कांतानगर में रविवार की आधी रात को चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए 5 न्यायाधीशों (जजों) और 4 कोर्ट कर्मचारियों के कुल 9 घरों को निशाना बनाया. जिस वक्त ये वारदात हुई, इलाका पुलिस की कड़ी सुरक्षा में था. लेकिन चोरों ने बड़ी ही सफाई से चोरी की 9 वारदातों को अंजाम दे डाला.
जानकारी के अनुसार, कांतानगर क्षेत्र में जजों और कोर्ट कर्मचारियों की अलग-अलग कॉलोनियां हैं. चोरों ने यहां पूरी योजना के साथ धावा बोला. नलदमयंती कॉलोनी में तीन न्यायाधीशों के आवास के ताले तोड़े गए. पैनगंगा परिसर में दो अन्य न्यायाधीशों के घरों में चोरी की गई. वहीं, जजों के आवास के ठीक पीछे स्थित परिसर में 4 कोर्ट कर्मचारियों के घरों में भी सेंधमारी की गई.
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए पहले इलाके की गहन रेकी की थी. उन्हें इस बात की सटीक जानकारी थी कि कौन से घर बंद हैं और मालिक बाहर गए हुए हैं. चोर कॉलोनी के पीछे लगी झाड़ियों और घने अंधेरे का फायदा उठाकर दीवार फांदकर अंदर घुसे और चोरी के बाद उसी रास्ते फरार हो गए.
इतनी संवेदनशील जगह पर हुई चोरी ने पुलिस महकमे के कान खड़े कर दिए हैं. घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौका-मुआयना किया. सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर आरोपियों के भागने की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जिसके आधार पर पुलिस की टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं. हालांकि, अभी तक नौ घरों से हुई कुल संपत्ति की चोरी का आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं आया है.
एक ऐसी कॉलोनी जहां सुरक्षा के लिए पुलिस की तैनाती हमेशा रहती है, वहाँ एक साथ 5 जजों के घरों में चोरी होना राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है. स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है. लोगों का कहना है कि जब न्यायाधीशों के घर सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी की सुरक्षा का क्या होगा? फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved