
इन्दौर। नगर निगम की टीम ने कल बड़े बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नंदानगर क्षेत्र में एक दर्जन से ज्यादा मकानों और इतने ही व्यावसायिक संस्थानों पर कार्रवाई का अभियान चलाया। कई घरों पर राशि बकाया होने के चलते जब्ती, कुर्की ना करते हुए वहां बकाया राशि के पोस्टर लगा दिए। इसके अलावा कई व्यावसायिक संस्थानों पर मौके पर ही बकाया राशि वसूली गई।
शहर के कई झोनों के अंतर्गत अब कार्रवाई के अभियान शुरू कर दिए गए हैं और बड़े बकायादारों के यहां निगम राजस्व विभाग की टीम पहुंच रही है। अब तक नंदानगर क्षेत्र में निगम की टीमें किसी प्रकार की कार्रवाई करने से कतराती रही हैं, लेकिन निगम राजस्व विभाग की टीम ने वहां पहुंचकर कई बकायादारों के घर पहुंचकर बकाया राशि की वसूली के लिए प्रयास किए और राशि नहीं देने पर ऐसे घरों के बाहर बकाया राशि होने के पोस्टर लगाए गए।
राजस्व विभाग के अधिकारी जितेंद्र पाण्डे के मुताबिक नंदानगर में शकुंतला अवस्थी, बहादुरसिंह, नारायण, गणपत राव, पूरणमल बिहारीलाल, रमेशचंद्र, कैलाशचंद्र यादव सहित कई लोगों के यहां टीमें कार्रवाई के लिए पहुंचीं और इनमें से कई लोगों ने मौके पर राशि जमा कराई और कुछ लोगों ने चैक दिए, लेकिन कई लोगों ने राशि नहीं दी तो उनके घरों के बाहर पोस्टर चस्पा किए गए। इसके बाद टीम मुख्य मार्ग पर पहुंची। वहां कई व्यावसायिक संस्थानों से राशि बकाया होने के चलते कई दुकानदारों ने निगम टीमों को बकाया राशि के चैक दे दिए। अफसरों के मुताबिक यह अभियान लगातार जारी रहेगा और आज भी क्षेत्र में अलग-अलग टीमें कार्रवाई के लिए पहुंचेंगी।
लोक अदालत के भरोसे रहने के बजाए वसूली के लिए मैदान में उतरे
कल शाम निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल ने राजस्व वसूली को लेकर अफसरों को फटकार लगाई और कहा कि लोक अदालत के भरोसे रहने के बजाए फील्ड में पहुंचें और बड़े बकायादारों पर कार्रवाई करें। एक बात अच्छे से समझ लें कि वसूली के कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और हर रोज के काम का हिसाब होगा। पिछले कई दिनों से राजस्व वसूली को लेकर ठप पड़े काम के कारण निगम खजाने में पैसा नहीं आ रहा है और बड़े बकायादारों पर अब कार्रवाई के अभियान शुरू करने के निर्देश कल निगम कमिश्नर सिंघल ने राजस्व अधिकारियों को दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने कई झोनलों में वसूली कार्य नहीं किए जाने को लेकर अफसरों को फटकार भी लगाई और कहा कि लापरवाही की गई तो फिर कार्रवाई के लिए तैयार रहे। बड़े बकायादारों की सूची हर झोन में बनाएं और उन पर कार्रवाई की तैयारी करें। हर बार लोक अदालत के भरोसे बैठकर सम्पत्ति कर जमा करने का काम बंद करें। फील्ड में निकलें और बकायादारों से राशि वसूली करें।
पांच झोनों के राजस्व अफसरों की लू उतारी
कल कमिश्नर झोन क्रमांक 2, 4, 11, 19 और 22 के राजस्व अधिकारियों को खासी फटकार लगाई और कहा कि उनके यहां कार्रवाई अभियान तो दूर नोटिसों की कार्रवाई तक नहीं हो पा रही है। बकायादारों से राशि वसूली के सारे अभियान ठप पड़े हैं और बार-बार चेतावनी के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही है। अफसरों से कहा कि वे अब भी लापरवाही करेंगे तो फिर कड़ी कार्रवाई होगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved