
भोपाल। मानसून की विदाई के साथ ही एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने लगा है। उत्तर-पश्चिम से आ रही हवाओं के कारण दिन में तेज धूप और उसस भरी गर्मी महसूस की जा रही है, वहीं रात में धीरे-धीरे ठंड का एहसास भी होने लगा है। मौसम विभाग की मानें तो अक्टूबर के शुरूआती दौर में दिन गर्म और रातें ठंडी होने लगती हैं। 15 अक्टूबर के बाद उत्तरी बयार बहने पर दिन में भी ठंड का एहसास होने लगेगा। अभी उत्तरी-पश्चिम हवाएं तीन किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही हैं।
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वातावरण में नमी कम होने लगी है। इससे बादल छंट गए हैं। इस वजह से दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। उधर रात के समय हवा का रुख उत्तर-पश्चिम हो जाता है। इस वजह से रात के तापमान में गिरावट हो रही है। ठंड का अहसास भी होने लगा है। शुक्ला ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में दक्षिण आंध्रा और उत्तरी उड़ीसा तट पर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इस सिस्टम के आगे बढऩे से 5-6 अक्टूबर को प्रदेश में मौसम का मिजाज फिर बदलने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बरसात भी हो सकती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved