मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले (Mathura district) के नौहझील क्षेत्र स्थित एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय (Primary school) में बच्चों से जबरन नमाज पढ़वाए जाने का आरोप सामने आया है। मामले की शिकायत मिलने के बाद बेसिक शिक्षाधिकारी (BSA) मथुरा ने प्रधानाध्यापक को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए शिक्षा विभाग ने दो सदस्यीय जांच समिति गठित की है।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापक अन्य धर्मों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करता था। आरोपों के अनुसार वह हिंदू देवी-देवताओं के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग करता और हिंदू धर्म को नीचा दिखाने की कोशिश करता था। इसके अलावा विद्यालय परिसर में धर्म प्रचार से जुड़ी गतिविधियों के चलते अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई थी।
यह भी कहा गया है कि विद्यालय में नियमित रूप से राष्ट्रगान का आयोजन नहीं कराया जाता था और यदि बच्चे राष्ट्रगान गाते थे तो उन्हें फटकार लगाई जाती थी। साथ ही प्रधानाध्यापक के महिलाओं के प्रति व्यवहार को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
बीएसए मथुरा ने बताया कि शिकायत की गंभीरता को देखते हुए प्रधानाध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। गठित जांच समिति मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved