
नई दिल्ली। चीन में भूकंप का कहर अभी थमा भी नहीं था कि एक और हादसे ने कई लोगों की जिंदगियां छीन ली है। चीन के एक कोयला खदान में बड़ा हादसा हो जाने से 12 लोगों की मौत हो गई है। जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। यह घटना चीन के हेईलोंगजिआंग प्रांत में कोयले की खदान में हुई। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इस दुर्घटना में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और 13 लोग घायल हो गए। मिडिया की खबरों में यह जानकारी दी गई।
सरकारी ‘चाइना सेंट्रल टेलीविजन’ ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा कि यह दुर्घटना हेंगशान जिले में ‘कुनयुआन कोयला खदान’ में बुधवार दोपहर को हुई। दुर्घटना में घायल 13 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए जांच दल गठित किया गया है। चीन में खदान दुर्घटनाएं आम हैं, लेकिन हाल के वर्षों में इनमें मरने वालों की संख्या में कमी आई है। चीन कोयले का सबसे बड़ा निर्माता और उपयोगकर्ता है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved