
बीजिंग। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (American President Donald Trump) की तीखी आलोचना के बाद अब चीन (China) इस संस्था के सपोर्ट में उतरा है। चीन ने बुधवार को संयुक्त राष्ट्र (United Nations) का समर्थन करते हुए कहा है कि UN ने वैश्विक शांति और सुरक्षा की सुनिश्चित करने में एक अहम भूमिका निभाई है। इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने संबोधन के दौरान कहा था कि UN अपना काम नहीं कर पा रहा है और UN की जगह उन्होंने जंग रुकवाए हैं।
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने बुधवार को कहा कि पिछले 80 सालों में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शांति और वैश्विक विकास को बढ़ावा देने में संयुक्त राष्ट्र का रोल बहुत अहम है। उन्होंने एक मीडिया ब्रीफिंग में ट्रंप की टिप्पणी पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कहा, “चीन का हमेशा से मानना रहा है कि इस अशांत समय में, संयुक्त राष्ट्र के अधिकार को बनाए रखना और उसकी रक्षा करना और भी जरूरी है।”
चीनी प्रवक्ता ने आगे कहा कि संयुक्त राष्ट्र के संस्थापक सदस्य और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्य के रूप में, चीन अंतर्राष्ट्रीय मामलों में संयुक्त राष्ट्र की प्रमुख भूमिका का दृढ़ता से समर्थन करता है। उन्होंने कहा, “चीन संयुक्त राष्ट्र के मिशन को जीवित करने, संयुक्त राष्ट्र चार्टर के उद्देश्यों और सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्धता की पुष्टि करने और नए युग में संयुक्त राष्ट्र के अधिकार और शक्ति को पुनर्जीवित करने के लिए अन्य सदस्य देशों के साथ काम करने के लिए तैयार है, ताकि वैश्विक शांति की रक्षा की जा सके।”
इससे पहले मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा में 150 से अधिक वैश्विक नेताओं के सामने ट्रंप ने इस अंतरराष्ट्रीय संगठन की तीखी आलोचना की थी। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने कई युद्धों को रुकवाया है और उनके बारे में संयुक्त राष्ट्र ने उनसे संपर्क तक नहीं किया। ट्रंप ने कहा, ‘‘मैंने हमेशा कहा है कि संयुक्त राष्ट्र में अपार क्षमता है, लेकिन यह उस क्षमता के आसपास भी नहीं पहुंच पा रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अधिकतर मामलों में, कम से कम अभी तो, वे बस एक बेहद कड़े शब्दों वाला पत्र भेज देते हैं और फिर उस पर अमल नहीं करते। ये खोखले शब्द हैं और खोखले शब्दों से युद्ध हल नहीं होते।’’
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved