
कांग्रेस के पदाधिकारियों से भी कहा-विभागवार नामों की सूची करें तैयार
इंदौर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ (State Congress President Kamal Nath) के निर्देश पर भाजपा के सभी जिलाध्यक्षों ने उन अधिकारियों के नामों की सूची तैयार करना शुरू कर दी है, जिन पर चुनाव में भाजपा और उसके उम्मीदवारों को मदद पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। यह सूची 30 नवंबर के पहले पहुंचाना है। इसको लेकर कल शहर कांग्रेस संगठन ने एक बैठक लेकर कांग्रेस प्रत्याशियों और पदाधिकारियों को सूची तैयार करके देने को कहा है।
जब से चुनावी प्रक्रिया शुरू हुई, तब से ही कांग्रेस ने अधिकारियों पर भाजपा के दबाव में आकर काम करने के आरोप लगाना शुरू कर दिए थे। पहला बड़ा विवाद विधायक संजय शुक्ला का हुआ था, जिसमें उन्हें कथा की अनुमति नहीं दी गई थी। शुक्ला ने पुलिस अधिकारियों पर भाजपा के दबाव में अनुमति नहीं देने का आरोप लगाया था। हालांकि बाद में मामला राजनीतिक छींटाकशी में उलझ गया। इसके बाद कई ऐसे मौके आए, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशियों ने अधिकारियों पर तरह-तरह के आरोप लगाए। इसकी जानकारी स्थानीय पदाधिकारियों ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को दी थी, जिस पर कमलनाथ ने ऐसे अधिकारियों की सूची तैयार कर 30 नवंबर के पहले उनके पास भेजने के लिए कहा था। कल शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीतसिंह चड्ढा ने सभी पदाधिकारियों और कांग्रेस प्रत्याशियों से कहा कि वे जल्द से जल्द सूची तैयार कर लें, ताकि उसे शहर कांग्रेस के लेटरहेड पर प्रिंट करवाकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजा जा सके।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved