
जबलुपर। जिला चिकित्सालय विक्टोरिया में कई चिकित्सक अपनी मनमर्जी से डयूटी पर आते हैं और ज्यादातर डयूटी से नदारद रहते हैं। जिससे मरीजों को उपचार के लिए भटकने मजबूर होना पड़ता है। अस्पताल में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉक्टर मनीष मिश्रा ने कलेक्टर को पत्र लिखकर गायब रहने वाले चिकित्सकों पर कार्यवाही की मांग की है। पत्र में उन्होंने लिखा है कि जिला अस्पताल के कैजुअल्टी वार्ड में इमरजेंसी चिकित्सा सेवा के लिए 1-5-2023 से 15-5-2023 तक डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई थी, पर डॉक्टरों ने ड्यूटी नही की और जब उन्हें फोन लगाया तो कोई जवाब नहीं दिया। वर्तमान में अभी 28 डॉक्टर अस्पताल में स्वीकृत हैं, उसमें से सिर्फ 4 डॉक्टर ही काम कर रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य व्यवस्था को बनाए रखना संभव नहीं है। इसके अलावा बजरंग दल एवं कांग्रेस की मुठभेड़ में कानून व्यवस्था की स्थिति भी बनी हुई है, जिला अस्पताल में चिकित्सकों के नहीं आने से अशांति का माहौल उत्पन्न हो सकता है, अगर समय पर स्थिति को संभाला नहीं गया तो अस्पताल की विकट स्थिति बन सकती है। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को भी दूरभाष पर दी गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved