
नई दिल्ली. संसद (Parliament) में आज एक अलग नजारा देखने को मिला जब संसद के मकर द्वार (Capricorn Gate) पर कांग्रेस सांसद (Congress MP) हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन कर रहे थे तो राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और केंद्रीय मंत्री (Union Minister) रवनीत सिंह बिट्टू (Ravneet Singh Bittu) का आमना-सामना हुआ और जुबानी जंग देखने को मिली.
इस दौरान जहां राहुल गांधी ने कांग्रेस सांसदों की तारीफ की तो वहीं केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को गद्दार दोस्त बताया. वीडियो में दिख रहा है कि राहुल गांधी बिट्टू की तरफ हैंड शेक करने के लिए हाथ बढ़ा रहे हैं लेकिन बिट्टू हाथ आगे नहीं बढ़ाते हैं. ‘गद्दार दोस्त’ वाले कमेंट पर बिट्टू ने भी तुरंत पलटवार किया और कहा कि उनका “देश के दुश्मनों” से कोई लेना-देना नहीं है.
कौन हैं बिट्टू
तीन बार कांग्रेस सांसद रह चुके रवनीत सिंह बिट्टू पहली बार 2009 में आनंदपुर साहिब से लोकसभा के लिए चुने गए थे. इसके बाद 2014 और 2019 में लुधियाना से जीते थे. खालिस्तान समर्थक कट्टरपंथी आवाजों के मुखर आलोचक माने जाने वाले बिट्टू 2024 में हुए लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी में शामिल हो गए.
इस चुनाव में वह लुधियाना से पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वारिंग से लगभग 20 हजार वोटों से हार गए. चुनाव हारने के बावजूद केंद्र सरकार में उन्हें मंत्री बनाया गया रेल तथा खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री की जिम्मेदारी दी.
बिट्टू महज 11 साल के थे जब उनके पिता का निधन हो गया. इसके बाद 20 साल की उम्र में उन्होंने अपने दादा और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह को भी खो दिया, जिनकी 31 अगस्त 1995 को चंडीगढ़ में खालिस्तान समर्थक आतंकवादियों ने हत्या कर दी थी. वर्ष 2007 में राहुल गांधी से मुलाकात के बाद बिट्टू ने राजनीति में कदम रखा.
राहुल गांधी पर दिया था विवादित बयान
यह पहली बार नहीं जब बिट्टू और राहुल गांधी के बीच इस तरह की बयानबाजी चली हो. सितंबर 2024 में बिट्टू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर तीखा और विवादास्पद बयान दिया था. बिट्टू ने राहुल गांधी पर सिख समुदाय को बांटने की कोशिश करने का आरोप लगाया और कहा कि सिख किसी भी राजनीतिक दल से बंधे नहीं हैं.
उन्होंने अमेरिका में सिखों को लेकर दिए गए राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था, ‘राहुल गांधी ने सिखों को बांटने की कोशिश की है, सिख किसी पार्टी से जुड़ा नहीं है और यह चिंगारी लगाने की कोशिश है, राहुल गांधी देश के नंबर वन टेरेरिस्ट हैं.’
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved