
नई दिल्ली । कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम (Commercial Gas cylinder Prices) 195.50 रुपये बढ़े (Hiked by Rs. 195.50) । इससे उपभोक्ताओं को वित्तीय वर्ष के पहले दिन ही महंगाई का झटका लगा है ।
मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के कारण कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए हैं। सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों (आयल पीएसयूएस) ने आज, यानी 1 अप्रैल से अपने 19 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर के दाम में 195.50 रुपये की बड़ी बढ़ोतरी की है। अब दिल्ली में इस सिलेंडर का दाम बढ़ कर 1883 रुपये से बढ़कर 2078.50 रुपये हो गया है। कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 1 मार्च को 1768.50 रुपये थे, जो 7 मार्च को बढ़कर 1883 रुपये हो गए थे। इसके बाद अब 195.50 रुपये बढ़कर 2078.50 हो गए हैं। यानी 1 मार्च से अब तक 310 की कुल बढ़ोतरी हो चुकी है। जानकारी के अनुसार, कोलकाता में आज से 19 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत 2208.00 रुपये, मुंबई में 2031.00 रुपये और चेन्नई में 2246.50 रुपये हो गई है।
हालांकि, घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। घरेलू एलपीजी के दामों में 7 मार्च को 14.2 किलोग्राम सिलेंडर पर 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद से दाम नहीं बढ़ाए गए हैं। दिल्ली में 14.2 किलोग्राम घरेलू सिलेंडर की कीमत 913 रुपये है। कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने का सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ेगा, क्योंकि होटल और रेस्टोरेंट संचालक खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ा सकते हैं। इसका अर्थ है कि होटल या बाहर खाना महंगा हो सकता है।
दरअसल, ईरान-इजरायल-अमेरिका युद्ध के चलते पूरी दुनिया के सामने ऊर्जा संकट बढ़ गया है। होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से गैस और कच्चे तेल की सप्लाई में दिक्कत हो रही है। इसकी वजह से कच्चे तेल के दाम आसमान छू रहें है। दुनिया के कई देशों में गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों भारी इजाफा हुआ है। भारत में एलपीजी गैस के दाम युद्ध के बीच अब तक दो बार बढ़ चुके हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved