
नई दिल्ली। कांग्रेस ने शनिवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर निर्वाचन आयोग की स्वतंत्रता पर सवाल उठाते हुए, बड़ा हमला बोला है। कांग्रेस ने दावा किया कि आज जिस तरह से आयोग काम कर रहा है वह संविधान का मजाक एवं मतदाताओं का अपमान है। उन्होंने पिछले एक दशक में छेड़छाड़ किये जाने का भी दावा किया है।
कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि आयोग की संस्थागत ईमानदारी का लगातार क्षरण गंभीर राष्ट्रीय चिंता का विषय है। खरगे ने एक्स पर लिखा कि, भले ही हम राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाते हैं, लेकिन पिछले दस वर्षों में भारत के निर्वाचन आयोग की संस्थागत ईमानदारी का लगातार होता क्षरण गंभीर राष्ट्रीय चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा, “हमारा निर्वाचन आयोग और हमारा संसदीय लोकतंत्र, व्यापक संदेह के बावजूद, दशकों से निष्पक्ष, स्वतंत्र और विश्व स्तर पर अनुकरण के लिए आदर्श बन गया। सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार की प्राप्ति तथा पंचायत और शहरी स्थानीय निकाय हमारे नीति निर्माताओं के दृष्टिकोण का प्रतीक है।” खरगे के अनुसार, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को कायम रखने में लापरवाही अनजाने में सत्तावाद का मार्ग प्रशस्त कर सकती है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इसलिए हमारे लोकतंत्र को बचाये रखने और इसे रेखांकित करने वाले संवैधानिक सिद्धांतों को बनाए रखने के लिए हमारी संस्थाओं की स्वतंत्रता की रक्षा करना आवश्यक है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved