
नई दिल्ली । भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को (To former Prime Minister of India Dr. Manmohan Singh) कांग्रेस के नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की (Congress leaders pay Tribute) । डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती पर राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए नेताओं ने उनकी विनम्रता, ईमानदारी और आर्थिक सुधारों से संबंधित दूरदर्शिता को देश के लिए प्रेरणादायी बताया।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “हम राष्ट्र निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के योगदान को याद करते हैं। वे भारत के आर्थिक परिवर्तन के एक सौम्य निर्माता थे। विनम्रता और बुद्धिमत्ता के धनी, वे शांत और गरिमापूर्ण व्यवहार करते थे और अपने कार्यों से अपनी बातों को ज्यादा प्रभावशाली बनाते थे। आर्थिक सुधारों के उनके दृष्टिकोण ने अवसरों के नए द्वार खोले, एक समृद्ध मध्यम वर्ग का निर्माण किया और अनगिनत परिवारों को गरीबी से बाहर निकाला।” उन्होंने लिखा कि वे निष्पक्षता और समावेशिता में गहराई से विश्वास करते थे और यह सुनिश्चित करते थे कि लाखों लोगों के जीवन को प्रभावित करने वाले कल्याणकारी उपायों के माध्यम से विकास और करुणा साथ-साथ चलें। उनके नेतृत्व ने हमें दिखाया कि सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी न केवल संभव है, बल्कि शक्तिशाली भी है। उन्होंने कहा कि भारत की पीढ़ियों के लिए, वे ईमानदारी, बुद्धिमत्ता और राष्ट्र के प्रति निस्वार्थ सेवा के एक चिरस्थायी प्रतीक बने रहेंगे। एक मजबूत और अधिक समावेशी भारत की आकांक्षाओं में उनकी विरासत जीवित रहेगी। उनकी जयंती पर हमारी विनम्र श्रद्धांजलि।
लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पोस्ट करके लिखा, ”भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती पर उन्हें मेरा सादर नमन। राष्ट्र निर्माण के प्रति उनकी अटूट निष्ठा, गरीबों और वंचितों के लिए उनके साहसिक निर्णय, और मजबूत अर्थव्यवस्था के निर्माण में उनका ऐतिहासिक योगदान हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे। उनकी सादगी, विनम्रता और ईमानदारी हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।”
कांग्रेस प्रियंका गांधी वाड्रा ने लिखा, “भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की जयंती पर उन्हें सादर नमन। अपनी दूरदर्शिता के माध्यम से मनमोहन सिंह देश को असाधारण प्रगति के रास्ते पर लाए और एक समावेशी आर्थिक मजबूती के जरिए गरीब, दलित, वंचित समेत सभी तबकों को समृद्ध किया। उनकी विनम्रता, सादगी, मेहनत, ईमानदारी और देश के प्रति अटूट समर्पण हम सबकी प्रेरणा का स्रोत हैं।”
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने भी मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी। वेणुगोपाल ने लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। ऐसा कोई दिन नहीं जाता, जब हम अपने देश और उसकी अर्थव्यवस्था में उनके अमूल्य योगदान को याद न करें। प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने भारत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया और उसे दुनिया के सबसे सफल कल्याणकारी राज्यों में से एक बनाया। उन्होंने न केवल 1991 के ऐतिहासिक उदारीकरण सुधारों की शुरुआत की, बल्कि लगभग तीन दशकों तक भारत की आर्थिक नीति को भी आकार दिया।” वेणुगोपाल ने उनकी विनम्रता की प्रशंसा करते हुए लिखा, “डॉ. मनमोहन सिंह को उनकी विनम्रता और शांतचित्तता ने अलग पहचान दिलाई। उन्होंने कभी खोखली बयानबाजी पर नहीं, बल्कि विचारों और निर्णायक कार्रवाई की शक्ति पर भरोसा किया। उनके सुधारों ने अवसरों के द्वार खोले। एक आत्मविश्वासी मध्यम वर्ग की नींव रखी और लाखों परिवारों को गरीबी से निकाला। सार्वजनिक जीवन में उन्होंने गरिमा और निष्ठा का परिचय दिया, यह साबित करते हुए कि ईमानदारी और बुद्धिमत्ता से युक्त नेतृत्व एक राष्ट्र को बदल सकता है। लगातार आलोचना और राजनीतिक हमलों के बावजूद उन्होंने सभी वर्गों के लोगों का सम्मान बनाए रखा।” वेणुगोपाल ने आगे लिखा, “अनगिनत भारतीयों के लिए, वे बुद्धिमत्ता, निष्पक्षता और निस्वार्थ सेवा के प्रतीक बने रहेंगे। उनका जीवन और कार्य हमें एक ऐसे भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करते रहेंगे जो न केवल अधिक सशक्त और समृद्ध हो, बल्कि अधिक समावेशी और न्यायपूर्ण भी हो।”
लोकसभा में कांग्रेस के डिप्टी लीडर गौरव गोगोई ने भी मनमोहन सिंह को विनम्र श्रद्धांजलि दी। गोगोई ने लिखा, “एक दूरदर्शी अर्थशास्त्री और राजनेता, उनके शांत संकल्प ने भारत के भाग्य को गहराई से आकार दिया। असम और पूर्वोत्तर के लिए, उनकी विरासत बोगीबील और ढोला सदिया पुल, जोरहाट में राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान (एनआईडी), उत्तर पूर्व सीमांत रेलवे, गैस क्रैकर परियोजना और उत्तर पूर्व औद्योगिक संवर्धन नीति (एनईआईपीपी) जैसी परिवर्तनकारी पहलों के माध्यम से कायम है, जिनसे कनेक्टिविटी मजबूत हुई, अवसर पैदा हुए और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिला।” उन्होंने लिखा, “तीन दशकों से अधिक समय तक राज्यसभा में असम का प्रतिनिधित्व करते हुए उनकी बुद्धिमत्ता, विनम्रता और जन सेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता ने एक स्थायी उदाहरण स्थापित किया। उनका जीवन कई पीढ़ियों को ईमानदारी, दूरदर्शिता और समर्पण के साथ सेवा करने के लिए प्रेरित करता रहेगा।
कांग्रेस के दिग्गज नेता और कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को उनकी जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि। एक अनुभवी नेता जिन्होंने अपनी बुद्धिमत्ता और दूरदर्शिता से देश का मार्गदर्शन किया। उनकी दूरदर्शिता ने हमारे लोगों को शिक्षा का अधिकार, भोजन का अधिकार, मनरेगा और कई अन्य नीतियां दीं। हम बेंगलुरु के विकास में उनके विश्वास और सार्वजनिक जीवन में उनकी बेजोड़ निष्ठा को सदैव संजोकर रखेंगे। ईश्वर से कामना है कि उनकी विरासत हमें एक न्यायपूर्ण और समृद्ध भारत के निर्माण के प्रयासों में मार्गदर्शन करती रहे।”
कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं महान अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती पर सादर नमन। उनके प्रधानमंत्री रहते हुए, उनके दिशा-निर्देशों में कार्य करने और उनसे सीखने का अवसर मेरे जीवन की अमूल्य धरोहर है। उनका सरल स्वभाव, दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण हम सबके लिए सदैव प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे।” राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर अपनी भावनाओं को जाहिर किया।
बिहार कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और महान अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व से देश को ऐतिहासिक आर्थिक सुधारों की नई दिशा दिखाई। उनके समावेशी और प्रगतिशील सोच ने 21वीं सदी के भारत को स्वर्णिम अध्याय प्रदान किया। उनकी जयंती पर हम उनके अमूल्य योगदान और प्रेरणादायी विरासत को श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं।” बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “महान अर्थशास्त्री और भूतपूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन करता हूं। डॉ. साहब का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की सेवा और भारत की आर्थिक समृद्धि के लिए समर्पित रहा।”
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved