
इंदौर। इंदौर नगर निगम (Indore Municipal Corporation) का बजट घोषित होने के एक दिन पहले कांग्रेस ने इंदौर के संभागायुक्त कार्यालय (Divisional Commissioner’s Office, Indore) पर बुधवार को प्रदर्शन किया। निगम में हुए घोटाले और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा परिषद को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने घेरा। वे प्रदर्शन में शामिल होने आए थे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर इंदौर मेें गुंडों ने विज्ञापन दिए। प्रदेश में अपराध बढ़ गए है। इंदौर तो भाजपाई ही सुरक्षित नहीं है। भाजपा पार्षद ने भाजपा पार्षद के बेटे को निर्वस्त्र कर दिया। पूर्व लोकसभा स्पीकर के पोते के साथ मारपीट हो रही है। शहर की आम जनता कैसे सुरक्षित रह पाएगी।
सुबह दस बजे कांग्रेस पार्षद संभागायुक्त कार्यालय पर एकत्र हुए। हाथों में कांग्रेस का झंडा लहराते हुए कार्यकर्ता आगे बढ़े तो पुलिस ने गेट पर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वे नारेबाजी करते हुए परिसर में घुस गए। प्रदर्शन में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे, उजागर सिंह चड्ढा सहित अन्य नेता मौजूद थे।
प्रदर्शन के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मीडिया से भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि सौरभ शर्मा की जमानत मंजूर हो गई,क्योकि पुलिस चालान पेश नहीं कर पाई। उसे जानबूझ कर बचाया जा रहा है। भाजपा के नेता उससे मिले हुए है। जो डायरी सौरभ के पास से मिली थी। वह कहां गई। इस पर कोई बात नहीं हो रही है। मोहन सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है।
पटवारी ने कहा कि जो गुंडे हिस्ट्रीशीटर है। जिनके फोटो थाने में लगे है। वे मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर विज्ञापन दे रहे है। भाजपा नेता तानाशाह हो चुके है। इंदौर में नशा खुलेआम बिक रहा है। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा था कि वे मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलवाएंगे, लेकिन अब वो सो गए। 25 साल से भाजपा नेता सत्ता में बैठे है। वे प्राॅपर्टी के लिए,कर्ज वसूलने के लिए गुंडों के साथ लोगों को धमकाने आते है। पुलिस भी उनके खिलाफ शिकायत नहीं करती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved