
इंदौर। नगर निगम को कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि 7 दिन में बीआरटीएस को आम जनता के यातायात के लिए खोल दिया जाए, अन्यथा हम खोल देंगे। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि राज्य सरकार का फैसला हाई कोर्ट का निर्देश होने के बाद भी नगर निगम बीआरटीएस को तोडऩे का काम अब तक शुरू नहीं करवा पाया है। इस मार्ग पर बस के संचालन के स्थान के दोनों तरफ आम नागरिकों के वाहन की आवाजाही की जो जगह बनी हुई है, वहां पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हर दिन इस सडक़ पर जाम लगता है। ऐसे में लोगों ने खुद ही बस के लिए आरक्षित स्थान जो कि खाली पड़ा रहता है, वहां से अपने वाहन निकालना शुरू कर दिए हैं।
चौकसे ने कहा कि ऐसे में अब यात्रा पुलिस द्वारा इन नागरिकों के चालान बनाए जा रहे हैं। इस चालान को रोकने के लिए आवश्यक है कि नगर निगम द्वारा जनता के हित में 7 दिन के अंदर बीआरटीएस को आम नागरिकों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाए। यदि नगर निगम द्वारा जनता के इस मुद्दे पर ध्यान नहीं दिया जाता है तो 7 दिन के बाद कांग्रेस आंदोलन करते हुए बीआरटीएस को आम जनता के लिए खोल देगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम को जनता के प्रति संवेदना का भाव रखते हुए जनता की सुविधा के लिए काम करना चाहिए।
अनिर्णय की स्थिति
इस मामले में नगर निगम हो या जिला प्रशासन हो, सभी दूर अनिर्णय की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन के अधिकारी यह सोचकर फैसला नहीं ले रहे हैं कि इस कॉरिडोर को तोडऩे का काम नगर निगम को करना है तो ऐसे में उस पर यातायात को चालू करने का काम भी नगर निगम करें। नगर निगम में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच में ऐसे मुद्दे पर संवाद की स्थिति नहीं होने के कारण कोई फैसला नहीं हो पा रहा है। इस स्थिति के चलते हुए जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जो लोग बीआरटीएस के कॉरिडोर में गाड़ी लेकर गुजरते हैं, उनको चौराहे पर चालान बनाने के लिए मुस्तैद रहने वाले पुलिसकर्मी शिकार के रूप में लपक लेते हैं।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved