img-fluid

कांग्रेस अब प्रदेश में चलाएगी संगठन सृजन अभियान

May 26, 2025

  • – अग्निबाण की खबर पर दिल्ली से एआईसीसी ने लगाई मुहर
  • – हर जिले के लिए दिल्ली से नियुक्त किए गए पर्यवेक्षक
  • – पर्यवेक्षक की रिपोर्ट पर होगा जिला, शहर अध्यक्ष नियुक्त
  • = 50 दिन में कांग्रेस में होगी अध्यक्ष के पद पर सभी नियुक्ति

इंदौर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा मध्यप्रदेश को संगठन सृजन अभियान में शामिल करने की घोषणा कर दी गई है। इसके साथ ही प्रदेश के हर जिले के लिए पर्यवेक्षक की भी नियुक्ति हो गई है। अब पर्यवेक्षक की रिपोर्ट के आधार पर कांग्रेस के सभी शहर और जिला अध्यक्ष नियुक्त किए जाएंगे। नियुक्ति की यह प्रक्रिया 50 दिन के अंदर पूरी हो जाएगी। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा जिस समय प्रदेश में 22 जिला अध्यक्ष नियुक्त करने की कोशिश की जा रही थी, उस समय अग्निबाण ने प्रमुखता के साथ यह समाचार प्रकाशित किया था कि अब प्रदेश में संगठन सृजन अभियान के तहत ही अध्यक्षों की नियुक्ति होगी।

नेताओं के समर्थकों के बीच पदों का बंटवारा नहीं हो सकेगा। अग्निबाण की इस खबर पर कल दिल्ली से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा मोहर लगा दी गई। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े द्वारा मध्यप्रदेश में संगठनात्मक पुनर्गठन की दिशा में बड़ा निर्णय लेते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति हेतु एआईसीसी पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। यह पहल गुजरात मॉडल की तर्ज पर लागू की जा रही है, जिसे कांग्रेस संगठन के लिए प्रभावी माना गया है। इस अभियान का नाम संगठन सृजन अभियान रखा गया है, जिसका उद्देश्य कांग्रेस पार्टी की जड़ों को गांव-गांव तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका में लाना तथा संगठनात्मक ढांचे को नए नेतृत्व के साथ सशक्त बनाना है।


प्रदेश कांग्रेस के संगठन महामंत्री डॉ. संजय कामले ने बताया कि दिल्ली के पर्यवेक्षक प्रदेश के सभी जिलों में जाकर संगठनात्मक स्थिति का मूल्यांकन करेंगे, स्थानीय कार्यकर्ताओं, ब्लॉक एवं जिला स्तरीय नेताओं से संवाद करेंगे। वे निष्पक्षता व क्षमता के आधार पर नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की सिफारिश करेंगे। यह अभियान न केवल एक नियुक्ति प्रक्रिया है, बल्कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को फिर से संगठित करने, उन्हें सम्मान और भूमिका देने का एक सुनियोजित प्रयास है।

इससे संगठन की निचली इकाइयां भी सक्रिय होंगी और आमजन तक कांग्रेस के विचारों व नीतियों को प्रभावशाली ढंग से पहुंचाया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि आगामी कुछ दिनों में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी की जाएगी, जो दिल्ली के पर्यवेक्षकों के साथ समन्वय बनाकर इस प्रक्रिया को पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध रूप से पूर्ण करेंगे। कांग्रेस द्वारा संगठन सृजन अभियान के तहत सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रत्येक नियुक्ति जनसरोकार, जमीनी सक्रियता और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता के आधार पर हो। यह कदम मध्यप्रदेश में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और दिशा देने का कार्य करेगा।

Share:

  • यूनिवर्सिटी में स्ववित्त कर्मचारी और प्रबंधन आमने-सामने

    Mon May 26 , 2025
    कुलगुरु का रास्ता रोकने, अभद्रता करने धमकाने को लेकर तीन पर एफआईआर इंदौर। देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी (DAVV) के स्ववित्त कर्मचारी (Self-financed employees) 1 मई से लगातार अपनी मांगों को लेकर हड़ताल (strike) कर रहे हैं। इसी बीच कुलपति (Vice Chancellor) के साथ अभद्रता करने, धमकाने, रास्ता रोकने को लेकर अजय चौरडिय़ा सहित दो कर्मचारी नेताओं […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2025 Agnibaan , All Rights Reserved