
भोपाल। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) और भारत बायोटेक इंटरनेशनल की कोरोना वैक्सीन के तीसरे चरण का क्लीनिकल ट्रायल आज भोपाल के पीपुल्स मेडिकल कॉलेज में शुरू होगा। इसके लिए भारत बायोटेक ने कॉलेज को अपनी कोवैक्सीन के 1 हजार डोज भेज दिए हैं। यहीं रजिस्ट्रेशन कराने वाले पहले वॉलेंटियर को टीका लगेगा। इसका बूस्टर डोज 28 दिन बाद लगाया जाएगा। इस दौरान ट्रायल में शामिल प्रत्येक वॉलेंटियर के सेहत की मॉनीटरिंग की जाएगी। शहर में करीब 2 से 3 हजार लोगों को डोज लगाई जाएगी। डॉक्टरों ने बताया कि ट्रायल में किसी भी हेल्थ वर्कर्स को ये टीका नहीं लगाया जाएगा, क्योंकि इन्हें कोविड के एक्सपोजर का खतरा दूसरे वॉलेंटियर से ज्यादा है। आईसीएमआर ने वैक्सीन के 1 हजार डोज भेजे हैं, जो अगले 10 दिन में वॉलेंटियर को लगाए जाएंगे। गांधी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) में ट्रायल अगले हफ्ते शुरू होगा। जीएमसी प्रबंधन ने इसके लिए संस्थान में नई साइट तैयार की है। इसके दस्तावेज इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च को भेज दिए हैं। कॉलेज डीन डॉ. अरुणा कुमार के मुताबिक आईसीएमआर ने संस्थान में कोवैक्सिन के क्लीनिकल ट्रायल की साइट पर असहमति जताई थी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved