
इन्दौर। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जब भी इंदौर आते हैं, तब उनके कार्यक्रम स्थल पर ग्रीन रूम बनाने के कार्य पर 1 लाख खर्च होते हैं। अब आगे से यह खर्चा नहीं होगा। नगर निगम द्वारा मात्र 5 लाख रुपए खर्च कर वैनिटी वैन बना ली गई है। अब हमेशा ग्रीन रूम के रूप में इसी का उपयोग किया जाएगा। नगर निगम ने वह कर दिखाया है, जो मुंबई महानगर पालिका भी नहीं कर सकी। विगत दिनों इंदौर के राजबाड़ा में आयोजित हुई मध्यप्रदेश कैबिनेट की बैठक के दौरान जब यह विषय आया की राजवाड़ा में मुख्यमंत्री के लिए ग्रीन रूम कैसे बनाया जाए, तब जिलाधीश आशीष सिंह ने नगर निगम को यह चैलेंज दिया कि 5 दिनों के भीतर क्या वह वैनिटी वैन तैयार कर सकता है? यकीनन यह कठिन काम था, लेकिन नगर निगम ने इस चुनौती को स्वीकारा और पूरा किया।
मात्र 5 लाख खर्च कर नगर निगम के वर्कशॉप विभाग ने सुसज्जित वैनिटी वैन तैयार कर सौंप दी। इस वैनिटी वैन को 8 पहिए के ट्राले पर बनाया गया है, जो फ्लाइट के पहिए की तरह के सस्पेंशन के साथ लगाए गए हैं। इसे ट्रैक्टर से खींचकर एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाया जा सकता है। इस वैनिटी वैन में आगे की ओर एक छोटा सा रूम है, जिसमें आकर्षक सोफा, सेंट्रल टेबल और दो आरामदायक कुर्सियां लगी हुई हैं। इसका फ्लोरिंग भी काफी आकर्षक है।

इसके साथ ही इस रूम में एक एसी, एक एलईडी स्क्रीन और आकर्षक पंखा भी लगा हुआ है। रूम को तरोताजा रखने के लिए ऑटोमैटिक फ्रेशनर भी लगाए गए हैं। इस रूम से अटैच बाथरूम है, जिसमें आधुनिक बाथरूम की सारी सुविधाएं मौजूद हैं। इसमें भी एसी लगा हुआ है। सारी फिटिंग्स जैगुवार कंपनी की लगी हुई हैं। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने जब इस वैनिटी वैन को देखा तो वे बहुत प्रभावित हुए और उन्होंने कुछ समय के लिए इसका उपयोग भी किया। अब इस वैनिटी वैन का उपयोग मुख्यमंत्री या अन्य विशिष्ट अतिथियों के आगमन पर ग्रीन रूम के रूप में किया जाएगा। अभी तक एक बार ग्रीन रूम बनाने पर लगभग 1 लाख 10 हजार का खर्च आता था।
25 लाख में खरीदने को तैयार है उद्योगपति
इंदौर के एक उद्योगपति ने इस वैनिटी वैन को 25 लाख रुपए में खरीदने का ऑफर भी दिया है। इस उद्योगपति के ऑफर पर नगर निगम द्वारा अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है। उद्योगपति ने जिस तरह से ऑफर दिया है, उससे ही यह स्पष्ट है कि निगम द्वारा बनाई गई यह वैन कितनी उपयोगी और बेहतर है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved