
इंदौर। विंटर शेड्यूल में शारजाह का समय बदलकर रात के बजाय सुबह कर दिया गया है। इसके कारण शारजाह जाने वाले यात्रियों को तो सुविधा मिली है, लेकिन इससे सुबह दूसरी घरेलू उड़ानों से सफर करने वाले यात्रियों के लिए एयरपोर्ट पर परेशानी शुरू हो गई है। पहले जब शारजाह फ्लाइट रात को जाती थी, तब सुबह ज्यादा उड़ानों के समय इंटरनेशनल डिपार्चर एरिया का इस्तेमाल डोमेस्टिक फ्लाइट के यात्रियों के लिए करते हुए यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित किया जाता था, लेकिन अब सुबह सभी यात्रियों को डोमेस्टिक डिपार्चर से गुजरना पड़ रहा है, जिससे यहां यात्रियों की लंबी कतारें लगने लगी हैं।
उल्लेखनीय है कि एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा 26 अक्टूबर से लागू हुए विंटर शेड्यूल में शारजाह फ्लाइट को रोजाना संचालित करने के साथ ही इसके जाने का समय भी बदलकर रात की जगह सुबह का कर दिया गया है। इंदौर से शारजाह जाने वाली फ्लाइट पहले जहां रात 10.10 बजे जाती थी, अब वह सुबह 9.25 बजे जाने लगी है। इसके कारण सुबह इस फ्लाइट से जाने वाले यात्रियों के लिए एयरपोर्ट टर्मिनल के इंटरनेशनल डिपार्चर एरिया को रिजर्व रखते हुए इसका इस्तेमाल इस फ्लाइट से जाने वाले यात्रियों के लिए किया जाता है। वहीं इस समय चलने वाली सभी डोमेस्टिक फ्लाइट के यात्रियों को डोमेस्टिक डिपार्चर एरिया से ही होकर गुजरना पड़ता है। सुबह के समय एक साथ कई उड़ानें होने के कारण डोमेस्टिक एरिया में अब रोजाना भीड़ और यात्रियों की लंबी कतारें नजर आने लगी हैं।
यात्री ने की एविएशन मिनिस्टर से शिकायत
एयरपोर्ट की सिक्योरिटी चेक में लंबी कतारों और जांच में लगने वाले समय को लेकर हाल ही में एक यात्री ने एविएशन मिनिस्टर राममोहन नायडू, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और इंदौर एयरपोर्ट प्रबंधन को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए शिकायत भी की है। इसमें यात्री ने कहा है कि आपको गेट और काउंटर पर सुरक्षा जांच की व्यवस्था पर काम करने की जरूरत है। पुरुष यात्रियों के लिए केवल दो और महिला यात्रियों के लिए एक ही एंट्री पॉइंट होने के कारण यात्रियों की भारी भीड़ लग जाती है। ट्रे और अधिकारियों की सीमित संख्या के कारण मानवीय गलती की संभावना भी बढ़ जाती है। साथ ही जगह इतनी कम है कि जब एक ही समय पर दो या उससे अधिक फ्लाइट्स होती हैं या उनके समय करीब होते हैं तो बहुत ज्यादा भीड़ हो जाती है। इंदौर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा कहा जाता है, ऐसे में इस मुद्दे को उच्च प्राथमिकता पर लिया जाना चाहिए।
एयरपोर्ट प्रबंधन ने स्वीकारा, बढ़ाई ट्रे
यात्री की शिकायत पर जवाब देते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन ने लिखा कि आपको हुई असुविधा के लिए हमें खेद है। शारजाह के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ान की शुरुआत होने के कारण अंतरराष्ट्रीय सिक्योरिटी होल्ड एरिया को स्विंग ऑपरेशन के तहत घरेलू यात्रियों के लिए उपयोग नहीं किया जा सका। फिर भी आपकी चिंता को गंभीरता से लिया गया है। भविष्य में ऐसी भीड़ की स्थिति से बचने के लिए संबंधित एयरलाइंस के साथ चर्चा शुरू की गई है। ट्रे की कमी के संबंध में उनकी संख्या बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं, ताकि यह समस्या हल हो सके।
सिक्योरिटी चेकिंग में लंबा इंतजार
यात्रियों को सबसे ज्यादा समय सिक्योरिटी होल्ड एरिया के बाहर सिक्योरिटी चेकिंग के समय लग रहा है। यहां एंट्री के लिए तीन ही गेट उपलब्ध हैं- दो पुरुषों के लिए और एक महिलाओं के लिए। सभी यात्रियों को एक-एक करके इनसे ही गुजरना होता है। यहां हर एक यात्री की जांच भी होती है, जिसके कारण और ज्यादा समय लगता है। सुबह 8 से 10 बजे के बीच इंदौर से पांच घरेलू और एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान जाती है। इसके कारण इस समय एयरपोर्ट पर यात्रियों का काफी दबाव होता है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved