
– एक दिन की बारिश में ही सभी तालाब लबालब…
इन्दौर। तेज बारिश के बाद कल यशवंत सागर के सभी 6 गेट पूरी तरह खोल दिए गए थे और वहां निगरानी रखी जा रही थी, ताकि पानी गांवों में न पहुंच जाए। आज तडक़े चार बजे के लगभग सभी गेट बंद कर दिए गए। कल वहां गेट खोलने के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई थी, ताकि स्थिति पर निगरानी रखी जा सके। कई बार यशवंत सागर का पानी आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंच गया था, जिसके चलते कुछ वर्षों पहले काफी नुकसान हो गया था। कल आसपास के गांवों के लोगों में धुकधुकी मची हुई थी। जलस्तर कम होने के बाद उन्होंने राहत की सांस ली।
यशवंत सागर के आसपास के कई गांवों में अत्यधिक पानी आने के कारण पूर्व में जलजमाव हो गया था, जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने निगम के अधिकारियों को की थी। यशवंत सागर के पानी के कारण आसपास के गांववालों की भी धुकधुकी बनी रहती है। कल सारे 6 गेट खोल दिए गए थे और जलस्तर कम होने के बाद आज सुबह सारे गेट फिर से बंद कर दिए गए। अधिकारियों का कहना है कि वहां निगरानी के लिए पांच से आठ कर्मचारियों की तैनाती की गई है। कुछ वर्षों पहले निगम ने यशवंत सागर का गहरीकरण कराया था और उसके बाद तालाब के आसपास के क्षेत्रों में कई कार्य भी कराए गए थे। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक यशवंत सागर के कुछ हिस्सों से पानी भी सप्लाय किया जाता है, जो बड़ा गणपति से लेकर कई अन्य क्षेत्रों में लाइनों के माध्यम से पहुंचता है। जलस्तर कम होने के बाद वहां साफ-सफाई के साथ-साथ कुछ आवश्यक कार्य भी किए जा रहे थे। अधिकारियों का कहना है कि वहां तेज बारिश के बाद निगरानी कार्य शुरू कर दिया जाता है और जलस्तर कम होने के बाद फिर सफाई का दौर शुरू होता है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved