
नई दिल्ली. दिल्ली पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन ‘सिख फॉर जस्टिस’ (SFJ) के आतंकी (terrorists) गुरपतवंत सिंह पन्नू (Gurpatwant Singh Pannu) द्वारा भेजे गए दो स्लीपर सेल (sleeper cell ) को गिरफ्तार किया है. इन आरोपियों ने 26 जनवरी के ठीक पहले दिल्ली (Delhi) में दो अलग-अलग जगहों पर ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लिखकर अशांति फैलाने की कोशिश की थी.
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बलजिंदर और रोहित उर्फ कीरथ के रूप में हुई है. बलजिंदर दिल्ली में एम्बुलेंस चलाता है. जांच में सामने आया है कि कनाडा में बैठे पन्नू के एक करीबी ने इन दोनों को ₹2 लाख के लालच में इस काम के लिए हायर किया था.
लिस के अनुसार, इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड तिलक नगर का रहने वाला एक व्यक्ति है, जो 26 जनवरी से कुछ दिन पहले ही कनाडा फरार हो गया था. वह सीधे पन्नू के संपर्क में था. पुलिस अब पन्नू के अन्य करीबियों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है.
कौन है पन्नू
खालिस्तान समर्थक और प्रतिबंधित संगठन सिख फ़ॉर जस्टिस (SFJ) का सरगना गुरपतवंत सिंह पन्नू लंबे समय से अमेरिका में रहकर भारत विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा देता आ रहा है. उसकी भूमिका सिर्फ बयानबाज़ी तक सीमित नहीं है बल्कि वह लगातार भड़काऊ और उकसाने वाले संदेशों के ज़रिए माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता रहा है.
पिछले वर्ष दीपावली के दौरान पन्नू ने पंजाब में रहने वाले हिंदू प्रवासियों को खुलेआम धमकी दी थी कि वे या तो राज्य छोड़ दें, या फिर त्योहार मनाना बंद कर दें. गंभीर और खुले भारत-विरोधी रुख के बावजूद पन्नू को अमेरिका में संरक्षण मिला हुआ है. यह तब है जब भारत सरकार उसके संगठन SFJ को वर्षों पहले आतंकी संगठन घोषित कर उस पर प्रतिबंध लगा चुकी है. भारत ने साल 2019 में गुरपतवंत सिंह पन्नू को UAPA के तहत आतंकवादी घोषित किया था.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved