
मेलबर्न। रूस के स्टार टेनिस खिलाड़ी डेनिल मेदवेदेव ने सोमवार को साल के पहले ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। विश्व के चौथे नंबर के खिलाड़ी मेदवेदेव ने चौथे दौर के मुकाबले में अमेरिका के मैकेंजी मैकडोनाल्ड को हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई। जहां उनका सामना हमवतन आंद्रे रुबलेव से होगा।
मेदवेदेव ने चौथे दौर के मुकाबले में 25 वर्षीय मैकडोनाल्ड को एक घंटे 29 मिनट तक चले मुकाबले में लगातार सेटों में 6-4, 6-2, 6-3 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। इसके साथ ही मेदवेदेव ने अपने करियर में तीसरी बार किसी ग्रैंड स्लैम के क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई।
एक अन्य मुकाबले में विश्व के आठवें नंबर के खिलाड़ी रुबलेव ने नॉर्वे के कैसपर रूड को हराया। रुबलेव ने एक घंटे 17 मिनट तक चले मुकाबले में पहला सेट 6-2 और दूसरा सेट 7-6 से जीता लेकिन तीसरा सेट शुरु होते ही रूड रिटायर होकर मुकाबले से हट गए और रुबलेव ने अंतिम आठ में जगह बना ली।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved