
इंदौर। पंचम की फैल में 100 साल पुराने तीन कुओं से पूरे क्षेत्र के सैकड़़ों लोगों को पानी मिलता था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से दो कुओं में गंदा पानी आने के कारण लोग परेशान हैं। अब क्षेत्र में पानी की किल्लत भी होने लगी है। रहवासियों का कहना है कि कुओं में गंदा पानी आने के साथ-साथ लाल कीड़े निकल रहे हैं। कल निगमायुक्त क्षेत्र में पहुंचे और रहवासियों से बातचीत की।
शहर में कई स्थानों पर सालों पुराने कुएं-बावडिय़ों को संरक्षित करने के लिए निगम ने पूर्व में कई अभियान चलाने के साथ-साथ वहां साफ-सफाई के अलावा कई कार्य कराए थे, मगर उसके बावजूद कई कुएं-बावडिय़ों की हालत खस्ता हो रही है। पंचम की फैल क्षेत्र में सालों पुराने तीन कुओं के कारण वहां रहने वाले लोगों को पानी की किल्लत नहीं होती थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों से वहां के दो कुओं में गंदा पानी आने के साथ-साथ लाल कीड़े निकलने की शिकायत रहवासियों ने निगम अधिकारियों को की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हो पाई तो उन्होंने एमआईसी मेंबर नंदकिशोर पहाडिय़ा को पूरा मामला बताया।
उन्होंने कल निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल को वल्लभनगर मार्केट में निरीक्षण के दौरान यह वाकया बताया तो कमिश्नर सिंघल अफसरों के साथ पंचम की फैल क्षेत्र में पहुंचे और तीनों कुओं का निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान रहवासियों से बातचीत भी की तो पता चला कि दो कुओं से रहवासियों ने पूरी तरह पानी लेना बंद कर दिया है, क्योंकि उनमें गंदा और मटमैला पानी आ रहा है और यह आशंका भी जाहिर की कि कहीं लाइनों या नाले का पानी तो उसमें मिक्स नहीं हो रहा है। कमिश्नर ने अफसरों को निर्देश दिए कि पूरे मामले की पड़ताल की जाए और कुओं को संरक्षित करने की कार्रवाई शुरू करें।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved