
नई दिल्ली। दिल्ली चुनाव (Delhi elections) के नतीजे कांग्रेस के लिए कुछ खास नहीं रहे। दो बार से विधानसभा चुनाव में शून्य सीट (Assembly Election zero seat) पा रही कांग्रेस (Congress) इस बार भी जीरो पर ही रही। 12 साल में पहली बार दिल्ली की सत्ता खोने वाली आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) ने उल्टे कांग्रेस पर उनकी पार्टी को हरवाने का आरोप लगाया था। इसपर अब राजस्थान के पूर्व सीएम (Former CM of Rajasthan) अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) का जवाब आया है। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर जमकर हमला बोला। इसके साथ गहलोत ने पार्टी के आगे के प्लान के बारे में बताते हुए कहा कि मुझे विश्वास है कि कांग्रेस दिल्ली में आने वाले दिनों में प्रमुख विपक्ष की भूमिका निभाएगी।
दिल्ली में आम आदमी पार्टी के चुनाव हरवाने वाले आरोपों पर जवाब देते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी द्वारा कांग्रेस पर उन्हें हरवाने के आरोप पूर्णत: निराधार हैं। असलियत में तो आम आदमी पार्टी ने कई राज्यों में कांग्रेस को हरवाने का काम किया है जहां उनका कोई आधार ही नहीं था परन्तु केवल कांग्रेस के वोट काटने के उद्देश्य से आप वहां जाकर चुनाव लड़ी। उन्होंने आगे कहा कि गुजरात, गोवा, उत्तराखंड में जहां कांग्रेस अच्छी स्थिति में थी एवं भाजपा की हालत खराब थी वहां आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ने पहुंच गई और कांग्रेस के वोटों को बांटा जिससे कांग्रेस को नुकसान हुआ। इन जगहों पर आप के अधिकतर जीते या हारे उम्मीदवार बाद में भाजपा समेत दूसरी पार्टियों में चले गए। यानी ये केवल चुनाव में कांग्रेस का नुकसान करने के लिए ही लड़े थे।
पार्टी के आगे के प्लान के बारे में बताते हुए गहलोत ने कहा कि मेरा मानना है कि दिल्ली में कांग्रेस ने अकेले चुनाव लड़कर आगे के लिए अपनी भूमिका तैयार की है। मुझे विश्वास है कि आने वाले दिनों में दिल्ली में कांग्रेस प्रमुख विपक्ष की भूमिका निभाएगी एवं अभी से आने वाले चुनाव की पृष्ठभूमि तैयार करेगी। आम आदमी पार्टी से अब जनता का भरोसा उठ चुका है। बता दें कि इस बार के दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी 48 सीटें जीतकर 27 साल बाद दिल्ली की किंग बनी है, तो वहीं आप को 62 से सीधे 22 सीटों पर संतोष करना पड़ा। कांग्रेस का इस बार भी खाता नहीं खुला।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved