
जयपुर: राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र की कार्यवाही के दौरान गुरुवार का मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भैरो सिंह शेखावत का सपना था कि राजस्थान को यमुना का पानी मिलना चाहिए, लेकिन उस वक्त पानी नहीं मिल पाया, कांग्रेस ने यमुना जल के नाम पर शेखावाटी की जनता को बेवकूफ बनाने का काम किया. कांग्रेस सरकार ने जल जीवन मिशन तक को नहीं छोड़ा. जल जीवन मिशन जैसी योजना को भ्रष्टाचार की भेट चढ़ा दिया. जल जीवन मिशन में अभी पिक्चर बाकी है. अभी तो भ्रष्टाचारियों पर क्या-क्या होता है.
उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता की तरफ से प्रधानमंत्री को आभार है. प्रधानमंत्री ने राजस्थान की जनता के लिए जल जीवन मिशन जैसी योजना की समय सीमा बढ़ा कर 2028 तक कर दी. भजनलाल शर्मा ने कहा कि आपने इतने दिनों तक राज किया, आप जरा अपने दौर की किसी एक बड़ी योजना का नाम बता दीजिए. आज मैं इस सदन के माध्यम से महाराजा गंगा सिंह को प्रणाम करता हूं, जिन्होंने अपनी दूरदर्शिता से सौ साल पहले राजस्थान को गंग नगर की सौगात दी.
उन्होंने कहा कि आप बार-बार योजना बदलने की बात करते हैं, महाराजा गंगा सिंह ने एक गंग नगर और दूसरा राजस्थान नहर के नाम से योजना शुरू की थी. 1925 में उस योजना का शिलान्यास हुआ था. सौ साल बाद मैं 2025 में वहां गया तो गंग नहर परियोजना के लिए एक हजार 700 करोड़ रुपये भी दिए. मैं नमन करना चाहता हूं जिन्होंने 1925 में गंगनहर योजना का शिलान्यास किया और दो साल बाद उसका उद्धाटन किया. हमने देवास परियोजना बनाई. इसमें हम टनल बनाकर पानी ले रहे हैं. हमलोग लगातार जल के लिए काम कर रहे हैं. हमारे दो साल के कार्यकाल में सभी नहर, तालाब भर गए. इसमें बंसीवाले की भी कृपा रही. आज किसान जब हमसे बात करते हैं तो अच्छा लगता है.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था में कृषि क्षेत्र की भागीदारी बढ़कर 35 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जो सरकार की नीतियों का सकारात्मक परिणाम है. उन्होंने कहा कि सरकार लगातार किसानों को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है. कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उसके नेता सदन में सिर पर मोडासा बांधकर ऐसे आते हैं, मानो भीषण गर्मी या सर्दी पड़ रही हो. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि किसान मोडासा तब बांधता है, जब वह खेतों में मेहनत करता है. केवल किसान जैसा दिखना काफी नहीं है, उसके लिए हाथ-पांव मिट्टी में सानने पड़ते हैं.
सीएम भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर शेखावाटी की जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने सिर्फ वादे किए, जबकि मौजूदा सरकार शेखावाटी के लोगों को वास्तव में पानी उपलब्ध कराने का काम करेगी. मुख्यमंत्री ने देवास परियोजना पर तेजी से काम होने का दावा करते हुए कहा कि इस योजना का बड़ा हिस्सा अब तक समुद्र की ओर चला जाता था, लेकिन अब अरब सागर की ओर जाने वाले पानी को रोककर शेखावाटी तक पहुंचाया जाएगा.
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राजनीतिक मुकाबला भारतीय जनता पार्टी से हो सकता है, लेकिन भगवान राम से नहीं. उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिंह राव का उल्लेख करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के समय भी विपक्ष को यही सीख दी गई थी. सीएम ने आरोप लगाया कि राम के नाम से जुड़ी योजनाओं चाहे रामसेतु हो या अन्य का विरोध करने वालों को हर जगह नुकसान उठाना पड़ा है. उन्होंने कहा कि राम हर व्यक्ति के रोम-रोम में बसे हैं और उनसे टकराव का नतीजा राजनीतिक पतन होता है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved