
मऊ। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के घोसी से पूर्व सांसद हरिनारायण राजभर का निधन हो गया। लखनऊ में उन्होंने आखिरी सांस ली। पूर्व सांसद के निधन की खबर मिलते ही समर्थकों और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मऊ से लेकर घोसी तक पूर्व सांसद के समर्थक उनके निधन पर शोक जता रहे हैं।
हरिनारायण राजभर ने घोसी लोकसभा सीट पर लोकसभा चुनाव 2014 में भाजपा का परचम लहराया था। यूपी सरकार में मंत्री एके शर्मा ने कहा कि घोसी लोकसभा क्षेत्र से सांसद रहे वरिष्ठ नेता हरिनारायण राजभर जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से प्रार्थना है कि कि वे दिवंगत आत्मा को शांति दें और उनके परिजनों को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करें।
बलिया में हुआ था जन्म
हरिनारायण राजभर मूल रूप से बलिया जिले के रहने वाले थे। उनका जन्म 1 जनवरी 1950 को टंगनिया गांव में हुआ था। प्रदेश की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे। हरिनारायण राजभर ने क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। अपने लंबे राजनीतिक जीवन के दौरान हरिनारायण राजभर प्रदेश से राष्ट्रीय स्तर तक अपनी छाप छोड़ी। यूपी सरकार में हरिनारायण राजभर ने कारागार, लघु सिंचाई और ग्रामीण विकास राज्य मंत्री के रूप में काम किया। उन्होंने अपने कार्यकाल में क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए कई महत्वपूर्ण प्रयास किए। इससे वे जनता के बीच लोकप्रिय रहे।
लोकसभा चुनाव में दर्ज की जीत
लोकसभा चुनाव 2014 हरिनारायण राजभर ने घोसी लोकसभा सीट से जीत हासिल की थी। इस चुनाव में भाजपा उम्मीदवार ने बहुजन समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी दारा सिंह चौहान को हराया था। बाद में दारा सिंह चौहान भाजपा में शामिल हो गए। उनके निधन पर राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लोगों ने गहरा शोक जताया है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि वे हमेशा आम जन की आवाज बने रहे।
नीरज शेखर ने जताया शोक
राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने भाजपा के पूर्व सांसद हरिनारायण राजभर के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता, उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद हरिनारायण राजभर जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। शोक संतप्त परिजनों एवं समर्थकों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करें।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved