
नई दिल्ली । ग्लेन मैक्सवेल(Glenn Maxwell) ने हाल ही में T20I में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट(List of batsmen) में सूर्यकुमार यादव(Suryakumar Yadav) को पछाड़ा है। मैक्सवेल अब 6ठे नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं सबसे ज्यादा छक्के लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है।
ग्लेन मैक्सवेल निकले सूर्यकुमार यादव से आगे
ग्लेन मैक्सवेल ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे T20I में धुआंधार पारी खेल ना सिर्फ अपनी टीम को जीत दिलाई, बल्कि T20I में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की रेस में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को भी पछाड़ा। मैक्सवेल के नाम अब इस फॉर्मेट में 148 छक्के हो गए हैं।
सूर्यकुमार यादव 7वें नंबर पर खिसके
भारतीय T20I कप्तान सूर्यकुमार यादव के नाम 83 मैचों में 146 छक्के हैं, वह अब लिस्ट में 7वें पायदान पर खिसक गए हैं। SKY अगली बार एक्शन में 10 सितंबर को नजर आएंगे। उनकी नजरें मैक्सवेल को पछाड़ जल्द 150 छक्कों के आंकड़े को छूने पर होगी।
रोहित शर्मा के नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड
T20I क्रिकेट से पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा रिटायरमेंट ले चुके हैं, मगर इस फॉर्मेट में अभी भी सबसे ज्यादा छक्के लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड उन्हीं के नाम है। रोहित मेंस क्रिकेट में एकमात्र ऐसे प्लेयर हैं जिनके नाम T20I में 200 से ज्यादा छक्के हैं। हिटमैन ने 159 मैचों में 205 छक्के लगाए थे।
मार्टिन गुप्टिल दूसरे नंबर पर
न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल 173 छक्कों के साथ दूसरे तो यूएई के मोहम्मद वसीम 168 छक्कों के साथ तीसरे पायदान पर हैं। वसीम टॉप-5 में शामिल खिलाड़ियों की लिस्ट में एकमात्र एसोसिएट प्लेयर हैं।
जोस बटलर चौथे नंबर पर
इंग्लैंड T20I टीम के पूर्व कप्तान जोस बटलर 160 छक्कों के साथ चौथे पायदान पर हैं। बटलर उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं जिनके नाम इस फॉर्मेट में 150 से अधिक छक्के हैं।
निकोलस पूरन ने भी भरी उड़ान
मौजूदा समय के सबसे विस्फोटक बल्लेबाज निकोलस पूरन 149 छक्कों के साथ लिस्ट में पांचवें पायदान पर हैं। उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है, जिस वजह से वह इस लिस्ट में और आगे नहीं बढ़ पाएंगे, नहीं तो वह रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ने का माद्दा रखते थे।
टॉप-10 में दो और एसोसिएट टीम के बल्लेबाज
मलेशिया के सैयद अजीज 139 छक्कों के साथ 8वें, वेस्टइंडीज के एविन लुईस और हॉन्ग कॉन्ग के बाबर हायात 136-136 छक्कों के साथ 9वें और 10वें पायदान पर हैं।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved