
पणजी। गोवा (Goa) में हाल ही में दो नाबालिग लड़कियों के साथ रेप (Minor Rape) की घटना हुई। इसे लेकर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत (Pramod Sawant) ने बुधवार को विधानसभा में प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि माता-पिता को इस बात पर आत्मनिरीक्षण करने की जरूरत है कि उनके बच्चे अंधेरा होने के बाद रात में समुद्र तटों पर क्यों घूमते हैं।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत बुधवार को विधानसभा में विपक्षी दल के विधायकों की ओर से उन पर लगाए गए आरोपों का जवाब दे रहे थे। विधायकों ने 24 जुलाई की रात को दक्षिण गोवा के लोकप्रिय कोलवा बीच पर दो नाबालिग लड़कियों के साथ कथित रूप से रेप की घटना के बाद गोवा में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब होने का आरोप लगाया था।
सीएम प्रमोद सावंत (CM Pramod Sawant) ने कहा, ‘दस बच्चे बीच पर पार्टी करने जाते हैं। 10 में से 6 घर लौटते हैं। बचे हुए दो लड़के और दो लड़कियां पूरी रात बीच पर ही रुकते हैं। जब 14 साल की लड़की बीच पर रात बिताती है तो माता-पिता को भी आत्मनिरीक्षण करना होता है। उन्हें भी इसका ध्यान रखना चाहिए।’
बता दें कि दो नाबालिग लड़कियों से रेप के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके नाम आसिफ हतेली, राजेश माणे, गजानंद चिनचिंकर और नितिन यब्बल हैं ।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved