
इन्दौर। आज साल के पहले चन्द्रग्रहण का सूतक सुबह लगते ही शहर के सभी मंदिरों के कपाट बंद कर गर्भगृह को पर्दे से ढंक दिया गया। अब सायंकाल ग्रहण काल समाप्ति पश्चात ही मंदिरों के पट भक्तों के लिए खोले जाएंगे।
ग्रहण के सूतक काल को देखते हुए शहर के प्रमुख मंदिरों के समय में आज बड़ा बदलाव किया गया। शहर के खजराना गणेश मंदिर, बिजासन माता मंदिर, अन्नपूर्णा देवी मंदिर, रणजीत हनुमान मंदिर, शिवधाम परदेशीपुरा, वैष्णोधाम मंदिर, गीता भवन, विद्याधाम, इस्कान मंदिर, वेंकटेश देवस्थान सहित शहर के सभी देवताओं और आराधना स्थलों के पट आज ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 4.30 बजे ही खुल गए थे। भगवान को जल्दी स्नान कराकर मंगल आरती की गई व भोग लगाकर ग्रहण का सूतक लगने के पूर्व ही कपाट बंद कर गर्भगृह को पर्दे से ढंक दिया गया।
अब ग्रहण काल समाप्ति के पश्चात सायंकाल 7 बजे शुद्धिकरण के बाद ही मंदिरों के पट भक्तों के लिए खोले जाएंगे। ग्रहण दोपहर 3.20 बजे शुरू होगा और 6.47 बजे समाप्त होगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, चंद्रग्रहण और सूतक के दौरान पूजा-पाठ व भोजन करना वर्जित होता है। इसी कारण मंदिरों के कपाट ग्रहण के समय बंद कर दिए जाते हैं और ग्रहण उपरांत स्नान, शुद्धिकरण और पूजन के बाद ही मंदिर पुन: खोले जाते हैं।
सुबह से सूतक, घर-परिवारों में भोजन को लेकर संशय
आज चंद्रग्रहण के कारण भोजन को लेकर घर-परिवार में संशय हो गया है। हिंदू धर्म में ग्रहण से पहले सूतक काल के दौरान भोजन और रसोई से संबंधित नियमों का पालन किया जाता है। कई घर-परिवारों में कल देर रात ही भोजन बनाकर रख लिया था और उसमें तुलसी के पत्ते (या कुशा) डाल दी गई थी। अनेक घरों में बच्चे, बुजुर्ग, बीमार व्यक्ति और गर्भवती महिलाएं हैं, उनके लिए यह व्यवस्था की गई। कई घरों में सुबह जल्दी नाश्ता किया गया और फिर सीधे आज़ शाम को ग्रहण के बाद ही भोजन किया जाएगा।
चंद्रग्रहण कहीं दिखाई देगा, कहीं नहीं दिखेगा
आज खण्डग्रास यानी आंशिक चंद्रग्रहण होगा। इसकी दृश्यता पूरे देश में एक समान नहीं रहेगी। भारत में पूर्वी भाग के कुछ खास क्षेत्रों में खग्रास रूप में दिखेगा। पूर्वी एवं उत्तर-पूर्वी भारत के कुछ भागों में पूर्ण चंद्रग्रहण दिखाई देगा। नई दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, अहमदाबाद, भुवनेश्वर, पटना, गुवाहाटी, इंफाल, शिलांग, कोहिमा और ईटानगर भारत के कुछ प्रमुख नगर हैं, जहां चंद्रग्रहण विभिन्न अवस्थाओं में दिखाई देगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved