
दादरी । सपा प्रमुख अखिलेश यादव (SP chief Akhilesh Yadav) ने कहा कि पीएम मोदी की रैली में भीड़ जुटाने के लिए (To gather Crowd for PM Modi’s rally) सरकारी कर्मचारियों व संसाधनों का सहारा लेना पड़ा (Government Employees and Resources had to be Used) ।
समाजवादी पार्टी ने दादरी में ‘समाजवादी समानता भाईचारा’ रैली के जरिए शक्ति प्रदर्शन किया, जहां पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए पीएम मोदी की रैलियों में भीड़ जुटाने के तौर-तरीकों से लेकर विकास के दावों तक कई सवाल खड़े किए। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि पीएम मोदी की रैली में भीड़ जुटाने के लिए सरकारी कर्मचारियों और संसाधनों का सहारा लेना पड़ा है। दादरी में आयोजित सपा की रैली में बड़ी संख्या में जुटे समर्थकों को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने मंच से कहा कि पूरे पंडाल में पार्टी के झंडे का लाल रंग छाया हुआ दिख रहा है, जो कार्यकर्ताओं के उत्साह का प्रतीक है। आयोजन को सफल बनाने के लिए उन्होंने सपा नेता राजकुमार भाटी की सराहना भी की।
अपने संबोधन में उन्होंने बिना नाम लिए भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा की इस रैली की चर्चा ने विरोधियों को असहज कर दिया। उनका आरोप था कि इसी दबाव में विपक्षी दलों ने सपा की रैली से पहले अपनी रैली आयोजित की, लेकिन वहां भीड़ स्वाभाविक नहीं थी, बल्कि लोगों को जुटाया गया था। उन्होंने कहा कि आज के दौर में कैमरों से कुछ भी छिपा नहीं रह सकता और सच्चाई सामने आ ही जाती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि खुद को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बताने वाले दल को रैली के लिए सरकारी संसाधनों और कर्मचारियों का सहारा लेना पड़ा। साथ ही, एक संस्थान के छात्रों को रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित किए जाने और बाद में छुट्टी देने की बात भी उन्होंने कही। रैली में अखिलेश ने राज्य सरकार के विकास दावों पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि पूर्व में उद्घाटन किए गए कई एयरपोर्ट बंद हो चुके हैं और नए एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ ही यह आशंका बनी रहती है कि कहीं उन्हें निजी हाथों में न सौंप दिया जाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कम से कम उद्घाटन के समय यह भरोसा दिया जाना चाहिए कि सार्वजनिक संपत्ति को बेचा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जो लोग नोएडा आने से कतराते थे, वे अब वहां कार्यक्रम कर रहे हैं। सपा प्रमुख ने दावा किया कि उन्होंने अपने कार्यकाल में नोएडा और दिल्ली को जोड़ने के लिए मेट्रो जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं दीं और क्षेत्र के विकास के लिए कई निर्णय लिए । सपा मुखिया ने कहा कि वर्तमान सरकार के पास अपने काम गिनाने के लिए ठोस उपलब्धियां नहीं हैं, इसलिए वह इस तरह के मुद्दों के जरिए ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved