
मुंबई। महान भारतीय धावक मिल्खा सिंह (Milkha Singh) की पत्नी निर्मल मिल्खा सिंह का कोरोना (Corona) से निधन हो गया। पति मिल्खा सिंह अस्पताल में भर्ती होने के कारण, उनके अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके। परिवार की ओर से कहा गया कि ‘हमें आपको यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि निर्मल मिल्खा सिंह (Nirmal Milkha Singh) का आज शाम 4 बजे कोविड के चलते निधन हो गया।’ परिवार ने कहा कि पंजाब सरकार (Punjab Government) में महिला खेल निदेशक और भारतीय महिला राष्ट्रीय वॉलीबॉल (Indian Women’s National Volleyball) टीम की पूर्व कप्तान रहीं निर्मल जी ने अंत तक कोरोना के खिलाफ बहादुरी से लड़ाई लड़ी।
वह मिल्खा परिवार की रीढ़ की हड्डी थीं। बता दें कि कोविड-19 (Covid-19) का सामना कर रहे महान भारतीय फर्राटा धावक मिल्खा सिंह का इलाज चंडीगढ़ के पीजीआईएमईआर (PGIMER) अस्पताल में चल रहा है। निर्मल मिल्खा का जन्म 8 अक्टूबर 1938 को पाकिस्तान के शेखपुरा में हुआ था। वह तीन अलग-अलग मौकों पर पंजाब वॉलीबॉल टीम की कप्तान थीं। 1955 में वह भारत वॉलीबॉल टीम के हिस्से के रूप में श्रीलंका के दौरे पर भी गईं, यहीं पर उनकी मुलाकात मिल्खा सिंह से हुई थी। फिर दोनों ने 1962 में शादी कर ली। उनके परिवार में बेटा जीव मिल्खा और एक बेटी है। बेटी मोना मिल्खा सिंह न्यूयॉर्क के मेट्रोपॉलिटन हॉस्पिटल (Metropolitan Hospital) सेंटर में डॉक्टर है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved