
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के गुना में अतिक्रमण हटाने गई पुलिस द्वारा किसान दंपति की पिटाई के मामले में कांग्रेस लगातार भाजपा सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का कहना है कि गरीबों-किसानों पर हमला ही भाजपा का असली चरित्र है। इस अन्याय के खिलाफ कांग्रेस जी-जान से लड़ेगी।
प्रियंका गांधी ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा कि गरीबों पर हमला, दलितों पर हमला, किसान पर हमला और लोकतंत्र पर हमला… यही है भाजपा का चाल, चेहरा और चरित्र। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस अन्याय के ख़िलाफ जी-जान से लड़ेगी।
वहीं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी शिवराज सरकार पर हमला बोलते हुआ कहा कि बड़े दुख की बात है कि आज मध्य प्रदेश की पहचान दलितों पर अत्याचार से होने लगी है। ये सरकार ‘सौदे की सरकार’ है जो घटना घटी वह बहुत दुखद है, इस सरकार को इसकी कोई चिंता नहीं है।
इससे पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी गुना की घटना पर मप्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि हमारी लड़ाई इसी सोच और अन्याय के ख़िलाफ़ है। इस प्रकार से किसान परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा है, आखिर उनकी गलती क्या है? (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved