
नई दिल्ली: सिंगर दलेर मेहंदी (Singer Daler Mehndi) इस वक्त अपने एक वीडियो को लेकर चर्चा में बने हुए हैं. दलेर मेहंदी उत्तराखंड के टिहरी जिले में नवरात्रि समारोह के दौरान एक कार्यक्रम में परफॉर्म करने पहुंचे थे. लेकिन इस बीच कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और उनके व्यवहार पर सवाल उठाए. मंत्री ने आरोप लगाया कि दलेर मेहंदी लाइव गाने के बजाय लिप-सिंक कर रहे थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि गायक शराब के नशे में परफॉर्म कर रहे थे. इस बीच मिका सिंह भाई के सपोर्ट में उतरे हैं. उन्होंने साफ किया कि दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते हैं. मीका ने इन आरोपों पर निराशा जताते हुए बताया कि उनके भाई पिछले दो साल से बीमार हैं और अब धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं. मीका ने बकायदा एक वीडियो पोस्ट किया है और दलेर मेहंदी के हेल्थ के बारे में बात की है.
मीका सिंह ने किया दलेर मेहंदी का बचाव
20 अक्टूबर को मीका सिंह ने एक वीडियो मैसेज शेयर किया, जिसमें उन्होंने दलेर मेहंदी के शराब के नशे में परफॉर्म करने के आरोपों को गलत बताया. उन्होंने कहा कि दलेर मेहंदी पिछले दो साल से बीमार हैं और हाल ही में उनकी एक बड़ी सर्जरी भी हुई है. मीका के मुताबिक, उनकी खराब सेहत का असर परफॉर्मेंस पर भी पड़ सकता है. उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर किसी ने दलेर मेहंदी को शराब पीते हुए देखा है, तो वह सामने आकर इस बात को साबित करे. मीका ने यहां तक कहा कि अगर कोई इस दावे को साबित कर देता है, तो वह गाना छोड़ देंगे.
अपने वीडियो के कैप्शन में मीका ने लिखा, “आप सभी को दशहरे की शुभकामनाएं! मीडिया के अपने दोस्तों से एक खास गुजारिश है कि कोई भी खबर प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की जांच जरूर करें. अगर कोई बिना सबूत के आरोप लगाता है, तो उस पर आंख बंद करके भरोसा न करें और सच्चाई जाने बिना खबर न फैलाएं.”
बर्ताव को मीका ने बताया निराशाजनक
मीका सिंह ने आगे कहा, “दलेर मेहंदी के साथ मंच पर जैसा बर्ताव किया गया, वह निराशाजनक था. एक सम्मानित मंत्री मंच पर आए और उन पर शराब पीने के आरोप लगाने लगे. लेकिन ऐसी बातें प्रकाशित करने से पहले क्या हमें तथ्यों की जांच नहीं करनी चाहिए और कलाकार को अपना पक्ष रखने का मौका नहीं देना चाहिए? क्या कोई इंटरनेशनल बैंड कोल्डप्ले के साथ ऐसा बर्ताव करने की हिम्मत करेगा? मैं अपने भाई दलेर मेहंदी को जानता हूं और वह शराब नहीं पीते हैं. वह पिछले दो साल से बीमार हैं और अब भी ठीक हो रहे हैं. इसके बावजूद वह अपने बैंड के साथ परफॉर्म कर रहे हैं.”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved