img-fluid

मुम्बई में भारी बारिश का कहर, अब तक 10 लोगों की मौत, सड़कें बनी नदियां… अगले 48 घंटे बेहद अहम

August 20, 2025

मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई (Mumbai) और महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में हो रही लगातार मूसलाधार बारिश (Heavy Rains) से जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। मुंबई में पिछले 24 घंटों में 300 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इससे भारी जलजमाव और जलभराव से कई इलाकों में सड़कें नदियों में तब्दील (Roads turned into Rivers) हो गई हैं। शहर में यातायात ठप पड़ गया है। मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों (Local trains.) की रफ्तार पर भी ब्रेक लगा है क्योंकि कई रेल लाइनें पानी में डूब गई हैं। कई जगहों पर लोकल ट्रेनें रोक दी गई हैं। इसके अलावा, सायन-कुर्ला और सीएसएमटी-कर्जत रूट बंद कर दिए गए हैं।


बृहन्मुंबई नगर निगम ने भी सरकारी, अर्ध-सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और कॉलेजों को बंद करने की घोषणा की है। विमान सेवा भी बाधित हुई हैं। कई उड़ानें देर से संचालित हो रही हैं। हाई कोर्ट बिल्डिंग परिसर में भी पानी घुस चुका है। इस बीच, मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 48 घंटे अहम होंगे। मौसम विभाग ने फिर से रेड अलर्ट जारी किया है और कहा है कि मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए अगले 48 घंटों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में ‘ हाई अलर्ट’ घोषित किया गया है।

CM फडणवीस ने स्थिति की समीक्षा की
हालात को देखते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्थिति की समीक्षा की और सभी विभागों से अलर्ट रहने को कहा है। महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश की वजह से राज्य में अह तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा बड़े पैमाने पर संपत्तियों और फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। बारिश और बाढ़ की वजह से सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा है।

आधा दर्जन जिलों में हाई अलर्ट घोषित
मुंबई और उसके महानगरीय क्षेत्र में रेल सेवाएं और उड़ानों के प्रभावित होने के अलावा, विदर्भ क्षेत्र के गडचिरोली और मराठवाड़ा क्षेत्र के नांदेड़ सहित अन्य जिलों में भारी बारिश हुई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आपदा प्रबंधन विभाग के साथ बाढ़ की स्थिति की समीक्षा करने के बाद कहा कि अगले 48 घंटे मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग समेत आधा दर्जन से ज्यादा जिलों के लिए महत्वपूर्ण होंगे, जहां ‘ हाई अलर्ट’ घोषित किया गया है।

मुंबई में लगभग 300 मिमी की रिकॉर्ड बारिश
मुख्यमंत्री ने बताया कि महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में बादल फटने जैसी स्थिति के कारण आई बाढ़ में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि मुंबई में लगभग 300 मिमी की रिकॉर्ड बारिश हुई। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण 12 से 14 लाख एकड़ भूमि में लगी फसलों को नुकसान हुआ है। फडणवीस ने कहा कि बांधों से पानी छोड़ा जा रहा है और जल प्रबंधन के लिए पड़ोसी राज्यों के साथ समन्वय किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिलाधिकारियों को एनडीआरएफ नियमों के अनुसार, मवेशियों की क्षति, मकानों की क्षति और जानमाल के नुकसान के लिए प्रभावित व्यक्तियों को वित्तीय सहायता देने के संबंध में निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को फसल नुकसान का मौके पर निरीक्षण करने के लिए कहा गया है।

मुंबई के निचले इलाके जलमग्न
रात भर भारी बारिश जारी रहने के कारण मुंबई के निचले इलाके जलमग्न हो गए, जिससे उपनगरीय रेल सेवा प्रभावित हुई। इसके कारण बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने सभी सरकारी और अर्ध-सरकारी कार्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया। मुंबई उच्च न्यायालय में समान्य दिनों में पूर्वाह्न 11 बजे से शाम 5 बजे तक सुनवाई होती है लेकिन बारिश के कारण अपराह्न 12.30 बजे तक ही कार्यवाही चल सकी।

मूसलाधार बारिश की भविष्यवाणी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी ‘रेड अलर्ट’ के मद्देनजर स्कूल और कॉलेज भी बंद कर दिए गए हैं। आईएमडी ने मंगलवार को मुंबई और पड़ोसी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार बारिश की भविष्यवाणी की है। उच्च शिक्षा निदेशालय ने कोंकण क्षेत्र के सभी महाविद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है, जो पालघर, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के संस्थानों पर भी लागू होगा।

भारी बारिश से विमानन क्षेत्र भी प्रभावित हुआ है और कम से कम आठ उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किए गए हैं। वहीं कई उड़ानों में देरी हुई। मुंबई में मंगलवार शाम भारी बारिश के बीच एक मोनोरेल ट्रेन मैसूर कॉलोनी और भक्ति पार्क स्टेशन के बीच फंस गई जिसमें कम से कम 200 यात्री सवार थे। दमकल विभाग और अन्य एजेंसियों ने क्रेन की मदद से इन यात्रियों को बाहर निकाला। मुंबई के अतिरिक्त नगर आयुक्त अश्विनी जोशी ने बताया कि फंसी मोनोरेल से 200 से अधिक यात्रियों को निकाला गया।

Share:

  • मॉनसून सत्र: अमित शाह आज संसद में पेश करेंगे दो अहम बिल... नियमों में मांगी ढील

    Wed Aug 20 , 2025
    नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Union Home Minister Amit Shah) ने मंगलवार को लोकसभा महासचिव (Lok Sabha Secretary General) उत्पल कुमार सिंह (Utpal Kumar Singh) को पत्र लिखकर सूचित किया है कि वे संसद के चल रहे मॉनसून सत्र (Monsoon session) में “केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन (संशोधन) विधेयक, 2025” पेश करना चाहते हैं। […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2025 Agnibaan , All Rights Reserved