जकार्ता । इंडोनेशिया (Indonesia) से बड़ी खबर सामने आई है। आठ लोगों को लेकर जा रहा एक हेलीकॉप्टर उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद ही लापता हो गया। बताया जा रहा है कि उड़ान भरने के आठ मिनट बाद इंडोनेशिया (Indonesia) के बोर्नियो द्वीप (Borneo Island) के जंगल में इसका संपर्क टूट गया। एयरबस बीके117 डी-3 मॉडल का यह हेलीकॉप्टर ईस्टिंडो एयर कंपनी का था। यह दक्षिण कालिमंतान प्रांत के कोटाबारू जिले के हवाई अड्डे से उड़ा था और इसे मध्य कालिमंतान के पालतांगकराया शहर पहुंचना था।
अधिकारियों के अनुसार, हेलीकॉप्टर का आखिरी संपर्क सुबह 8:54 बजे हुआ था। इसे पालतांगकराया शहर सुबह 10:15 बजे पहुंचना था, लेकिन उससे पहले ही इसका स्थान पता नहीं चल सका। अधिकारियों ने बताया कि हेलीकॉप्टर में एक पायलट, एक इंजीनियर और छह यात्री सवार थे। प्रशासन ने आशंका जताई है कि यह हेलीकॉप्टर तनाहबुम्बू जिले के मांटवे जंगल क्षेत्र में लापता हुआ है।
दोपहर में मिली हेलीकॉप्टर के गायब होने की सूचना
बांजरमासिन सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी के प्रमुख आई पुतु सुदायना ने बताया कि एजेंसी को हेलीकॉप्टर के लापता होने की सूचना दोपहर 12:02 बजे मिली। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमों को अलर्ट कर दिया गया और खोज अभियान शुरू किया गया। वर्तमान में टीमें जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में तलाश कर रही हैं। सुदायना ने कहा कि बचाव के लिए जमीनी और हवाई दोनों दलों को भेजा गया है। खोज अभियान में आग बुझाने वाले एक विशेष हेलीकॉप्टर का भी उपयोग किया जा रहा है।
यात्रियों की सुरक्षित वापसी की उम्मीद
सुदायना ने कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षित वापसी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आज ही हेलीकॉप्टर का स्थान पता चल जाएगा और सभी यात्री सुरक्षित होंगे। इस घटना के बाद क्षेत्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने भी अलर्ट जारी कर दिया है। फिलहाल स्थानीय प्रशासन ने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved