
मंडी: हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhwinder Singh Sukhu) ने आपदा राहत पैकेज (Disaster Relief Package) को 7 लाख 70 हजार से बढ़ाकर 8 लाख रुपये करने की घोषणा की है. यह घोषणा उन्होंने आज मंडी में आपदा प्रभावितों को राहत राशि (Money) बांटने के लिए आयोजित समारोह के दौरान की. समारोह में मंडी, कुल्लू और बिलासपुर जिलों से आए 4914 आपदा प्रभावितों को 81.28 करोड़ की राशि का आवंटन किया गया.
सीएम ने कहा कि गृह निर्माण (Build House) के लिए 7 लाख जबकि घरेलू सामान (Household Items) के लिए 70 हजार की राशि दी जाती थी, लेकिन अब घरेलू सामान की राशि में 30 हजार की बढ़ोतरी करते हुए उसे एक लाख दिया जाएगा. उन्होंने आपदा प्रभावितों को पहली किस्त के तौर पर चार-चार लाख की धनराशि आवंटित की और गृह निर्माण का कार्य शुरू होने पर दूसरी किस्त भी तुरंत प्रभाव से जारी करने का ऐलान किया.
सीएम सुक्खू ने गोहर उपमंडल के तहत आने वाले परवाड़ा गांव की 11 महीनों की आपदा प्रभावित नीतिका को 21 लाख की एफडी भी दी. उन्होंने कहा कि यह धनराशि 7 लाख के अलावा दी गई है और यह एफडी के रूप में भविष्य में नीतिका के काम आएगी. नीतिका ने आपदा में अपने माता-पिता दोनों को खो दिया है और अब उसकी बुआ उसका पालन पोषण कर रही हैं. पीएम मोदी भी धर्मशाला में इस बेटी से मिलकर दुलार कर चुके हैं.
सीएम ने कहा कि वन अधिनियम के तहत वह केंद्र की अनुमति के बिना कुछ नहीं कर सकते. इसलिए आपदा प्रभावितों को जमीन देने में दिक्कतें आ रही हैं. यह कानून उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है. यदि यह मामला भी उनके अधिकार क्षेत्र का होता तो वे इस कानून में भी बदलाव करते आपदा प्रभावितों को वन भूमि आवंटित कर देते. केंद्र से इसमें मदद मांगी गई है जो अभी तक नहीं मिली है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved