
ढाका। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला मौलवीबाजार जिले से सामने आया है, जहां आम चुनाव से महज एक दिन पहले एक 28 वर्षीय हिंदू युवक की हत्या कर दी गई। युवक का शव मिलने के बाद से इलाके मे तनाव का माहौल है। इस घटना ने वहां के अल्पसंख्यक समुदायों में डर और चिंता बढ़ा दी है।
मृतक की पहचान रतन शुवो कर के रूप में हुई है। वह इस्लामपुर यूनियन के चंपारा चाय बागान में काम करता था। पुलिस को उसकी लाश हाथ-पैर बंधी हुई हालत में मिली। स्थानीय मीडिया के अनुसार, रतन के शरीर पर चोट के कई निशान थे और वह खून से लथपथ था।
रिपोर्ट के मुताबिक, लोकल लोगों ने बुधवार सुबह करीब 10:00 बजे चाय बागान के अंदर उसकी लाश देखी, जहां कर काम करता था। उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। रतन के साथ काम करने वाले लोगों का आरोप है कि उसे किसी दूसरी जगह मारा गया और फिर लाश को बागान में फेंक दिया गया। हालांकि, अभी इस बात की पुष्टि नहीं हुई है।
रतन के बड़े भाई लक्ष्मण कर ने बताया कि रतन मंगलवार रात से घर नहीं लौटा था। परिवार पूरी रात उसे तलाशता रहा। सुबह उन्हें बागान में लाश मिलने की खबर मिली। परिवार का कहना है कि उन्हें हत्या की वजह समझ नहीं आ रही है।
बांग्लादेश में इस समय चुनाव का माहौल है और राजनीतिक तनाव बना हुआ है। कुछ स्थानीय लोगों को शक है कि यह हत्या चुनाव से जुड़ी हो सकती है। पुलिस ने अभी इस बारे में कुछ भी साफ नहीं कहा है। अधिकारियों ने बताया कि मौत की असली वजह जानने के लिए लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या इस हत्या का चुनाव से कोई लेना-देना है या इसके पीछे कोई और कारण है। इस घटना के बाद से इलाके में सुरक्षा और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved