
वाशिंगटन। अमेरिका (America) लंबे समय से दुनिया के अन्य देशों के लोगों का सबसे पसंदीदा गंतव्य रहा है। कहा जाता है कि यहां सबसे अधिक अप्रवासी (Most Immigrants) निवास करते हैं। यही कारण है कि पिछले 50 वर्षों से अप्रवासियों की जनसंख्या में वृद्धि (Growth Immigrant population) हो रही थी। लेकिन हाल के आंकड़ों ने सभी को आश्चर्य में डाल दिया है। जनवरी 2025 में अमेरिका में 5.33 करोड़ अप्रवासी थे, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा था, लेकिन मात्र पांच महीनों में स्थिति बदल गई। जून 2025 तक यह संख्या घटकर 5.19 करोड़ हो गई। यानी कुछ ही महीनों में 10 लाख से अधिक लोग देश छोड़कर चले गए या निर्वासित कर दिए गए। यह कमी ऐतिहासिक है, क्योंकि 1960 के दशक के बाद पहली बार अमेरिका की अप्रवासी आबादी में गिरावट दर्ज की गई है।
प्यू रिसर्च सेंटर का विश्लेषण
प्यू रिसर्च सेंटर ने अमेरिकी जनगणना ब्यूरो के आंकड़ों के आधार पर यह विश्लेषण किया है। रिपोर्ट के अनुसार, जून 2025 तक अमेरिका की 15.4% आबादी अप्रवासी थी, जो जनवरी 2025 के 15.8% से कम है। अप्रवासी श्रमिक अमेरिकी श्रम बल का 19% थे, जो जनवरी में 20% था। यानी सिर्फ छह महीनों में 7,50,000 से अधिक प्रवासी कामगारों की कमी हो गई। यह बदलाव न केवल जनसंख्या संरचना, बल्कि अमेरिकी आर्थिक उत्पादन और श्रम बाजार पर भी असर डाल रहा है।
नीतिगत बदलाव और राजनीतिक प्रभाव
अप्रवासियों की संख्या में कमी के पीछे मुख्य रूप से आव्रजन नीतियों में बदलाव जिम्मेदार हैं। जून 2024 में बाइडेन प्रशासन ने शरण आवेदनों पर सख्त प्रतिबंध लगाए, जिससे सीमा पर शरण मांगने वालों की संख्या घटी। इसके बाद जनवरी 2025 से ट्रंप प्रशासन ने अपने पहले 100 दिनों में 181 कार्यकारी कदम उठाए, जिनका उद्देश्य नए अप्रवासियों के प्रवेश को सीमित करना और गैर-नागरिक अप्रवासियों को निर्वासित करना था। इन नीतियों का सबसे बड़ा असर अनधिकृत अप्रवासियों पर पड़ा है।
श्रम बाजार पर असर
अमेरिकी अर्थव्यवस्था लंबे समय से अप्रवासियों पर निर्भर रही है। खेती, निर्माण, स्वास्थ्य सेवाएं और तकनीकी क्षेत्रों में अप्रवासी बड़ी संख्या में कार्यरत हैं। 2025 की शुरुआत से अप्रवासियों की संख्या घटने के कई कारण हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह रुझान जारी रहा तो अमेरिकी अर्थव्यवस्था की विकास दर पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।
भविष्य की संभावनाएं
ट्रंप प्रशासन की सख्त नीतियां आने वाले महीनों में और प्रभाव दिखा सकती हैं। प्यू रिसर्च सेंटर के अनुसार, यह कहना अभी जल्दबाजी होगी कि यह कमी अस्थायी है या अमेरिका अब लंबे समय तक कम अप्रवासन की ओर बढ़ रहा है। हालांकि, राजनीतिक माहौल और सीमा सुरक्षा पर बढ़ते जोर को देखते हुए संभावना है कि अमेरिका आने वाले वर्षों में कड़ा आव्रजन नीतियों का पालन करेगा।
मेक्सिको अप्रवासियों का सबसे बड़ा मूल देश
मेक्सिको अमेरिकी अप्रवासियों के लिए सबसे बड़ा मूल देश बना हुआ है। 2023 के मध्य तक 1.1 करोड़ से अधिक अमेरिकी निवासी मेक्सिको में जन्मे थे, जो राष्ट्रीय स्तर पर सभी अप्रवासियों का लगभग एक चौथाई (22% ) है। फिर भी 2007 के बाद से मेक्सिको से अप्रवासन में कमी आई है और अमेरिका में मेक्सिको में जन्मी आबादी में भी गिरावट आई है। प्यू के शोध के अनुसार, 2010 से 2023 तक अमेरिकी अप्रवासी आबादी में मेक्सिको की हिस्सेदारी 29% से घटकर 22% हो गई।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved